चोरी के शक में शख्स की पिटाई से मौत का मामला, मनेंद्रगढ़ से 3 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 23, 2026 at 6:54 AM IST
एमसीबी: मनेंद्रगढ़ के बिछली गांव में चोरी के शक में युवक की कुछ लोगों ने जमकर पिटाई कर दी. पिटाई से युवक की मौत हो गई जबकि घटना में एक महिला गंभीर रुप से जख्मी हुई. पुलिस ने अब कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया है. मनेंद्रगढ़ पुलिस ने बताया कि घटना 14 जून की है. आरोपियों ने चोरी का इल्जाम लगाते हुए बिछली गांव में राजकुमार नाम के शख्स की पिटाई कर दी. पिटाई के बाद जख्मी हालत में राजकुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मनेंद्रगढ़ पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों पर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
चोरी के शक में पिटाई, पीड़ित की मौत, तीन गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि 14 जून की रात बिछली गांव में कुछ लोगों ने पति-पत्नी को चोरी के शक में पकड़ लिया था और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की थी. मारपीट में पति राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच तेज करते हुए मुख्य आरोपी जगरूप सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
जांच अधिकारी विवेक पाटले का बयान
कोतवाली थाना प्रभारी विवेक पाटले ने कहा, वारदात वाले दिन तीन लोगों ने पति पत्नी को पकड़ लिया और उनपर चोरी का इल्जाम लगाते हुए मारपीट की गई. मारपीट में जख्मी राजकुमार नाम के शख्स की मौत हो गई. शिकायत दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. कोतवाली प्रभारी ने बताया कि वारदात में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है.


