पीलीभीत में मामूली विवाद में युवक की मारपीट कर हत्या, फतेहपुर में गोली मारकर उतारा मौत के घाट
पीलीभीत के थाना बरखेड़ा क्षेत्र की करोड़ पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सिसईया में शनिवार शाम हुई खूनी वारदात.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 30, 2026 at 1:35 PM IST
पीलीभीत/फतेहपुर : थाना बरखेड़ा क्षेत्र की करोड़ पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सिसईया में शनिवार शाम मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया. यहां कुछ दबंगों ने संजय कुमार उर्फ छोटेलाल को घर में खींचकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी. बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं और नाबालिग बच्चों को भी मारापीटा गया. वहीं फतेहपुर में लाइसेंसी रिवाल्वर से युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया.
फतेहपुर में थाना बरखेड़ा क्षेत्र की करोड़ पुलिस चौकी के सिसईया निवासी मंजू देवी के अनुसार शनिवार शाम करीब सात बजे उनका भाई संजय बाइक से पड़ोसी गांव भूड़ा जा रहा था. रास्ते में कन्हई लाल से कहासुनी हो गई. इसके बाद कन्हई लाल और उसके परिजनों ने संजय से मारपीट कर उसकी बाइक छीन ली. संजय जब घर पहुंचा तो वहां पुरुष मौजूद नहीं थे. इसके बाद परिवार की महिलाएं संजय के साथ बाइक मांगने कन्हई लाल के घर पहुंचीं.
आरोप है कि घर पहुंचने पर कन्हई लाल, उसके पुत्र वीरपाल और अन्य लोगों ने संजय को जबरन अपने घर के अंदर खींच लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. भतीजी और अन्य महिलाओं ने जब संजय को बचाने का प्रयास किया तो उन्हें भी पीटा गया, जिसमें दो नाबालिग बच्चियां घायल हो गईं. ग्रामीणों के दखल के बाद संजय को छुड़ाया जा सका.
इसके बाद परिजन गंभीर और बेहोशी की हालत में संजय को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना के बाद भी डायल 112 पुलिस समय पर नहीं पहुंची. जिसके चलते आरोपी फरार होने में कामयाब रहे.
थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि की है. संजय की पत्नी की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दबिश दी जा रही है. गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है.
फतेहपुर में लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली, एक युवक की मौत
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में शनिवार रात शराब ठेके के सामने विवाद के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृत युवक की पहचान गांव निवासी मनीष दुबे के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं.
बताया गया कि असनी गांव निवासी मनीष दुबे का बेटा वैभव शनिवार देर रात शराब ठेके के सामने से गुजर रहा था. इसी दौरान ठेके के सेल्समैन गोवर्धन निषाद के बेटों से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई. विवाद की जानकारी होने पर वैभव की ओर से मनीष दुबे समेत कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
इसी बीच सेल्समैन गोवर्धन निषाद ने शराब ठेके के मालिक अमन सिंह और मनु सिंह को फोन कर मौके पर बुला लिया. दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान मनु सिंह ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर कर दिया. गोली मनीष दुबे को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस और परिजन घायल मनीष को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रमन सिंह के अनुसार मनीष की हालत गंभीर थी और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया. हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई.
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले में नामजद मुख्य आरोपियों अमन सिंह और मनु सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं. शराब ठेके के सेल्समैन गोवर्धन निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. घटना के पीछे पुश्तैनी जमीन विवाद से जुड़ा पुराना विवाद भी सामने आया है. गोलीकांड की वास्तविक वजह और घटना के दौरान मौजूद अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें : पीलीभीत में उधार सिगरेट न देने पर बुजुर्ग दुकानदार की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

