ETV Bharat / state

फरीदाबाद में युवती पर खौलता गर्म पानी डाला, बंधक बनाकर रखा, बुजुर्ग से शादी करने से किया था मना

हरियाणा के फरीदाबाद में युवती को खौलते हुए पानी से जलाने और कई दिनों तक कमरे में बंद रखने का मामला सामने आया है.

Young woman was scalded with boiling water in the village of Qureshipur Faridabad
फरीदाबाद में युवती पर खौलता गर्म पानी डाला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 20, 2026 at 3:44 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद के गांव कुरेशीपुर में 23 वर्षीय युवती को कथित तौर पर खौलता हुआ पानी डालकर जलाने और कई दिनों तक कमरे में बंद रखने का मामला सामने आया है. पीड़िता का आरोप है कि उसे तीन लाख रुपये में एक बुजुर्ग व्यक्ति से शादी कराने के लिए बेचने की कोशिश की जा रही थी. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उस पर खौलता पानी डाल दिया गया.

सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया : पीड़िता को इलाज के लिए पहले फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया. परिजनों के मुताबिक, युवती को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है.

फरीदाबाद में युवती पर खौलता गर्म पानी डाला (ETV Bharat)

कमरे में बंद रखने का आरोप : पीड़िता के मुताबिक, घटना 15 और 16 अगस्त की शाम चार बजे की है. उसका आरोप है कि धर्मेंद्र और ललिता नाम के दो लोगों ने उसके ऊपर खौलता हुआ पानी डाल दिया. इससे उसके सीने, प्राइवेट पार्ट और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर जलने की चोटें आईं. पीड़िता का ये भी आरोप है कि घटना के बाद उसे इलाज के लिए घर से बाहर नहीं जाने दिया गया. उसे कमरे में बंद कर दिया गया और बाहर से ताला लगा दिया जाता था. उसका मोबाइल फोन भी रख लिया गया, जिससे वो किसी से संपर्क ना कर सके.

तीन लाख रुपये में शादी कराने का आरोप : पीड़िता का आरोप है कि वो करीब दो महीने से धर्मेंद्र और ललिता के साथ रह रही थी. उसे बताया गया था कि वे उसे बेटी की तरह रखेंगे और अपने घर से शादी करके विदा करेंगे. हालांकि, बाद में उसे कथित तौर पर पता चला कि उसकी शादी एक बुजुर्ग व्यक्ति से कराने के लिए तीन लाख रुपये में सौदा किया गया है.पीड़िता ने इसका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि इसी विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई और खौलता पानी डालकर उसे जला दिया गया.

मौसा ने पुलिस की मदद से कराया रेस्क्यू : पीड़िता के मौसा पंकज के मुताबिक, उन्हें फोन के जरिए जानकारी मिली कि प्रीति को जला दिया गया है. इसके बाद वे 18 अगस्त की शाम कुरेशीपुर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि घर का दरवाजा नहीं खोला गया. इसके बाद 19 अगस्त को वे पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचे. पुलिस की मौजूदगी में कमरे का ताला तोड़कर युवती को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल ले जाया गया. परिजनों के मुताबिक, युवती की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

पति से दो महीने पहले हुआ था तलाक : परिजनों के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से बिहार की रहने वाली है. करीब दो साल पहले उसकी शादी कुरेशीपुर निवासी रोहित से हुई थी. रोहित एक निजी कंपनी में काम करता है. परिजनों का आरोप है कि पीड़िता का धर्मेंद्र और ललिता के घर आना-जाना था. बाद में दोनों ने कथित तौर पर उसे बेटी की तरह रखने की बात कहकर अपने साथ रख लिया. परिजनों का ये भी आरोप है कि पीड़िता का उसके पति से तलाक कराने में भी इन दोनों की भूमिका थी.

पीड़िता के बयान के बाद होगी कार्रवाई : मामले में पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है. पीड़िता फिलहाल दिल्ली के अस्पताल में भर्ती है. पुलिस टीम दिल्ली जाकर उसके बयान दर्ज करेगी. पीड़िता के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पीड़िता द्वारा लगाए गए तीन लाख रुपये में शादी के लिए बेचने, बंधक बनाकर रखने और गर्म पानी डालकर जलाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : झज्जर में युवक की गोली मारकर हत्या, 20 से ज्यादा गोलियां दनादन बरसाईं गई, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात

ये भी पढ़ें : 6 महीने की गर्भवती पत्नी को बाल्टी में सिर डुबोकर मार डाला, फरीदाबाद में वारदात के बाद पति फरार

ये भी पढ़ें : हरियाणा के हिसार कोर्ट के सामने गैंगस्टर का मर्डर, बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलियों से भूना