ETV Bharat / state

चाइनीज मांझे से कटी युवक की पलक, सर्जरी में आए 70 टांके, समय रहते इलाज मिलने से बची जान

चाइनजी मांझे की चपेट में आने के कारण युवक बुरी तरह घायल हो गया. सर्जरी के बाद युवक की हालत स्थिर है.

Bundi Hospital
बूंदी अस्पताल (ETV Bharat Bundi)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 24, 2025 at 9:03 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बूंदी: शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का खतरनाक रूप एक बार फिर सामने आया है. बाइक से जा रहे एक युवक की आंख की पलक चाइनीज मांझे से कट गई. हादसा इतना गंभीर था कि युवक की पलक के साथ माथे की त्वचा भी पूरी तरह कट गई और आंख के आसपास की मांसपेशियां, रक्तवाहिनियां और नसें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. बूंदी अस्पताल में समय रहते उपचार मिलने से युवक की जान बच सकी.

अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि रानीपुरा निवासी बाबूलाल सैनी अपनी बाइक से दुर्गापुरा के पास से गुजर रहा था. इसी दौरान सड़क पर फैले चाइनीज मांझे की चपेट में आने से यह हादसा हो गया. मांझा तेज धार वाला होने के कारण पलक से होते हुए कटाव दोनों भौंहों तक और आंख के गोले के पास तक पहुंच गया. दुर्घटना के समय अत्यधिक रक्तस्राव होने से युवक की हालत गंभीर हो गई. राहगीरों ने घायल को तत्काल बूंदी अस्पताल पहुंचाया. जहां सर्जन डॉ आशीष व्यास के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया.

पढ़ें: चाइनीज मांझे में 50 फीट की ऊंचाई पर फंसा था दुर्लभ प्रजाति का उल्लू, मशक्कत के बाद किया गया रेस्क्यू

डॉ व्यास ने बताया कि उनकी टीम ने मरीज की स्थिति को स्थिर करने के बाद करीब दो घंटे तक चली सूक्ष्म सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया. सर्जरी के दौरान लगभग 70 टांके लगाकर पलक, माथे की त्वचा और क्षतिग्रस्त मांसपेशियों का पुनर्निर्माण किया गया. सर्जरी से आंख और पलक की क्रियाशीलता को काफी हद तक बहाल किया जा सका. डॉ व्यास ने बताया कि फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है. चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने से जान बच गई.