मेरठ में गंगनहर के तेज बहाव में डूबा युवक; दो घंटे बाद रजवाहे में मिला शव
स्थानीय गौतखोरों की मदद से भी उसकी खोजबीन की गई, लेकिन घंटो तक उसका सुराग नहीं मिगा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 4, 2026 at 1:10 PM IST
मेरठ: जिले के जानी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार के चिराग को छीन लिया. मेरठ के भोला झाल गंगनहर पर नहाने गया एक युवक पानी में डूब गया, जिसका शव राजवाहे से बरामद हुआ है.
जानकारी के मुताबिक, सरूरपुर थाना क्षेत्र के कस्बा खिवाई निवासी सागर पुत्र मुकेश अपने दोस्तों के साथ गंगनहर पर स्नान करने के लिए गया था. इसी दौरान पानी के तेज बहाव में वह बहने लगा और देखते ही देखते वहां स्नान कर रहे लोगों की आंख से ओझल हो गया.
पुलिस को सूचना दी गई. स्थानीय गौतखोरों की मदद से भी उसकी खोजबीन की गई, लेकिन घंटो तक उसका सुराग नहीं मिगा. लगभग दो घंटे बाद गंगनहर से ही निकले एक रजवाहे में जानी थाना क्षेत्र के सिसौला खुर्द गांव के पास युवक का शव बहता हुआ दिखाई दिया. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और शव को बाहर निकाला गया. शव की पहचान सरूरपुर थाना क्षेत्र के कस्बा खिवाई निवासी सागर पुत्र मुकेश के रूप में हुई. इसके बाद उसके परिजनों को भी सूचना पुलिस ने दे दी.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक के पिता मुकेश ने बताया कि घर पर सागर अपने दोस्त रितिक के साथ भोला झाल पर नहाने की बात कहकर आया था.
सरुरपुर थाना प्रभारी गौरव विश्नोई ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि गर्मी से निजात पाने के लिए लोग लगातार मेरठ में नहरों में भी स्नान करने पहुंच रहे हैं.
इनमें सबसे ज्यादा संख्या युवाओं और किशोरों की है. जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो जाती है. उन्होंने कहा कि लोगों से बार बार अपील भी की जाती है, लेकिन लोग फिर भी लापरवाही कर जाते हैं.

