ETV Bharat / state

अलीगढ़ में बर्थडे पार्टी में शामिल युवक ने तोड़ा दम, वजह जानकर सिहर उठेंगे

युवक को जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाया. बेइज्जती की. मोबाइल छीना. मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे आहत होकर युवक ने आत्महत्या कर ली.

birthday party
अलीगढ़ में मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे आहत होकर युवक ने आत्महत्या कर ली. (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 6, 2026 at 11:53 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अलीगढ़: अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के गांव हाजियापुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.

मृतक के परिजनों ने गैर समुदाय के कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि युवक को जन्मदिन पार्टी के बहाने घर से बुलाया गया, उसके साथ बेइज्जती की गई, मोबाइल फोन छीना गया और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे आहत होकर युवक ने आत्महत्या कर ली.

मृतक की पहचान लोकेश के रूप में हुई है. मृतक के पिता तेजपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 1 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 से 8 बजे गांव के ही कुछ युवकों ने उनके बेटे को जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए अपने घर बुलाया. वहां लोकेश के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, उसे जबरन शराब पिलाई गई और उसका कीमती मोबाइल फोन छीन लिया गया.

पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब लोकेश ने अपना मोबाइल वापस मांगा, तो आरोपियों ने उसे धमकाया और फोन देने से साफ इनकार कर दिया. अगले दिन भी जब लोकेश मोबाइल मांगने गया, तब भी उसे अपमानित किया गया. आरोप है कि उसे जातिसूचक शब्द कहे गए और धमकी दी गई कि शिकायत करने पर अंजाम भुगतना पड़ेगा.

तेजपाल सिंह का कहना है कि बाद में आरोपियों ने उनके बेटे को फिर बुलाया और जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने की बात कही. गंभीर हालत में लोकेश किसी तरह वहां से निकला और रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई.

परिजनों को सूचना मिलने पर उसे पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ रेफर किया गया. इलाज के दौरान सोमवार को लोकेश की मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही टप्पल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है. पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस क्षेत्राधिकारी वरुण कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. परिजनों की तहरीर के आधार पर सभी तथ्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल पुलिस हर पहलू पर नजर बनाए हुए है.

इस घटना के बाद गांव हाजियापुर में शोक और गुस्से का माहौल है. ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

ये भी पढ़ें - लखनऊ में कुर्सी पर बैठने पर दलित युवकों को लात-घूंसों से पीटा; जान से मारने की धमकी दी, FIR दर्ज