मकान निर्माण की अनुमति नहीं मिलने से नाराज युवक चढ़ा पीएचईडी की टंकी पर, इस आश्वासन पर उतरा नीचे
डीएसपी ने बताया कि युवक को आश्वासन दिया गया है कि उसकी समस्या का समाधान प्रशासनिक स्तर पर किया जाएगा.

Published : January 10, 2026 at 4:21 PM IST
बूंदी: नैनवा थाना क्षेत्र के दुगारी गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मकान निर्माण की अनुमति न मिलने से परेशान एक युवक जलदाय विभाग की ऊंची टंकी पर चढ़ गया. युवक प्रशासन द्वारा लगाए गए निर्माण प्रतिबंध से नाराज बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और प्रशासन व पुलिस महकमे में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मौके पर पहुंचे नैनवा डीएसपी राजूलाल मीणा ने बताया कि युवक राजकुमार काफी समय से परेशान था और उसे लग रहा था कि उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है. इसलिए उसने यह कदम उठाया. डीएसपी मीणा के अनुसार, युवक को शांतिपूर्वक समझाने का प्रयास किया गया और उसे भरोसा दिलाया गया कि उसकी समस्या का समाधान प्रशासनिक स्तर पर कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि वर्तमान में एसडीएम कार्यालय की ओर से निर्माण कार्य पर रोक लगाई गई है, जिसकी वजह से युवक का मकान निर्माण रुका हुआ है.
पढ़ें: न्याय की मांग करते हुए पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, जानिए पूरा मामला
अधिकारियों ने युवक को आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग और एसडीएम कार्यालय से बात कर मामले की समीक्षा की जाएगी और नियमानुसार उचित निर्णय लिया जाएगा. काफी देर तक चले समझाइश के प्रयासों के बाद आखिरकार प्रशासन को सफलता मिली. अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन पर भरोसा जताते हुए युवक राजकुमार सेनी टंकी से नीचे उतरने को राजी हुआ. युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली.
पढ़ें: वन मंत्री के निवास के सामने युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, सिविल डिफेंस में गड़बड़ी की शिकायत
स्थानीयों के अनुसार दुगारी गांव निवासी राजकुमार सेनी अपने मकान का निर्माण कराना चाहता था. इसके लिए उसके पास सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद थे, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई. लंबे समय से चक्कर काटने और समस्या का समाधान नहीं होने से युवक मानसिक रूप से परेशान हो गया. इसी आक्रोश और हताशा में उसने जलदाय विभाग की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन का रास्ता चुना.

