ETV Bharat / state

अलीगढ़ में पुलिस चौकी के पास युवक ने खुद को लगाई आग; बुरी तरह से झुलसा, अस्पताल में भर्ती

क्षेत्राधिकारी खैर वरुण सिंह ने बताया कि घायल को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है.

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 1, 2026 at 9:58 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अलीगढ़ : जिले के खैर कस्बे में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने पुलिस चौकी के पास खुद को आग लगा ली. गंभीर रूप से झुलसे युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को नाजुक देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है.

घटना पुरानी तहसील के समीप स्थित पुलिस चौकी कस्बा क्षेत्र की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने रविवार को अचानक खुद पर पेट्रोल डाला और आग लगा ली.

क्षेत्राधिकारी खैर वरुण सिंह ने दी जानकारी. (Video credit: ETV Bharat)

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया. घायल युवक की पहचान मनोज वर्मा के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है.

युवक के भाई राजू सोनी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मनोज वर्मा के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत वारंट जारी था. इस दौरान उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाये.

क्षेत्राधिकारी खैर वरुण सिंह ने बताया कि चौकी के पास एक व्यक्ति ने खुद को आग लगाई थी. पुलिसकर्मियों ने तुरंत कंबल डालकर आग बुझाई गई. उन्हें उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया. वहां से उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया. उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है.

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए और पीड़ित के परिजनों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.


यह भी पढ़ें : माता-पिता के झगड़े से तंग बेटे ने खुद को लगाई आग; लखनऊ पुलिस ने बचाई जान, युवक ने बताई पीड़ा