ETV Bharat / state

बिहार में 2 साल से लापता था युवक, अब मिला नरमुंड और जबड़ा, हत्या की सनसनीखेज वारदात

दो साल से लापता युवक का नरमुंड और जबड़ा नाले से बरामद हुआ. दो आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. आगे पढ़ें पूरी खबर

Murder in gopalganj
रोते-बिलखते परिजन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : April 18, 2026 at 9:04 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जहां पुलिस ने दो साल पुराने एक कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है. मृतक की पहचान सिरिसिया गांव निवासी 22 वर्षीय चंदन कुमार के रूप में की गई है.

दो साल से लापता था युवक : जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा सिरिसिया गांव निवासी दो साल से लापता एक युवक का नरमुंड और जबड़ा पुलिस ने नाले से बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जिन्होंने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है.

28 फरवरी 2024 की बात : घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि चंदन 28 फरवरी 2024 की शाम 6 बजे अपने चार दोस्तों के साथ तिलक समारोह में शामिल होने गया हुआ था. देर रात तक उसके मोबाइल पर फोन किया गया लेकिन मोबाइल बंद आ रहा था.

इसके बाद चंदन की मां ने उसके दोस्तों से फोन कर पूछताछ की तो वह अनभिज्ञता जाहिर किये. परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन चंदन का कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद उसकी मां कुचायकोट थाना में 29 फरवरी 2024 लिखित आवेदन देकर तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाई.

Murder in gopalganj
नरमुंड और जबड़ा मिला (ETV Bharat)

परिवार पहुंचा SP के पास : थाना में दिए गए आवेदन के बाद पुलिस ने तीन को हिरासत में लिया. पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा लेकिन कुछ दिनों के बाद सभी आरोपी रिहा हो गए. वहीं उसकी रिहाई के खिलाफ परिजन हाई कोर्ट पहुंचे. इसके बाद परिजन आज एसपी विनय तिवारी के पास पहुंच कर आवेदन देकर बेटे की बरामदगी के लिए गुहार लगाई.

सख्ती से हुई पूछताछ तो उगले राज : जिसके बाद एसपी विनय तिवारी ने तत्काल एक टीम गठित कर नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से जब पूछताछ की तब मामले परत दर परत खुलने लगा. कड़ी पूछताछ के बाद आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने युवक की हत्या कर उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए नाले में दफन कर दिया था. आरोपियों की निशानदेही पर जब पुलिस ने खुदाई शुरू करवाई, तो वहां से मानव नरमुंड और जबड़ा बरामद हुआ, जिसे देख इलाके में सनसनी फैल गई.

''आरोपियों से पूछताछ करने पर उसने प्रेम प्रसंग में हत्या करने की बात कही है. एक आरोपी ने अपने दो दोस्तों की मदद से चंदन को घर से बुलाकर ले गया और गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी. फिलहाल तीसरा हत्यारोपी फरार है.''- दर्पण सुमन, कुचायकोट थानाध्यक्ष

प्रेम प्रसंग ने ली जान : पुलिस जांच में यह बात निकलकर सामने आई है कि इस खौफनाक वारदात के पीछे की मुख्य वजह प्रेम प्रसंग था. बताया जा रहा है कि युवक का आरोपी के बहन से प्रेम करता था, जो आरोपियों को नागवार गुजरा. इसी रंजिश के चलते साजिश के तहत युवक की गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी गई. साक्ष्य छिपाने की नियत से शव को नाले में गाड़ दिया गया था, ताकि किसी को भनक न लगे और यह एक साधारण गुमशुदगी का मामला बना रहे.

DNA टेस्ट के लिए भेजा गया : गोपालगंज पुलिस ने बरामद अवशेषों को फॉरेंसिक जांच और DNA टेस्ट के लिए भेज दिया है, ताकि वैज्ञानिक रूप से मृतक की पहचान की पुष्टि हो सके. गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है. इस खुलासे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

स्थानीय लोगों में इस जघन्य अपराध को लेकर काफी आक्रोश है और वे दोषियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं. पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित पहलुओं और किसी अन्य की संलिप्तता की भी जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें :-

बेटी के शव से लिपटकर रो रहा था पिता, पुलिस ने टेबल फैन के साथ किया गिरफ्तार

100 रुपये के लिए मां को मार डाला, आरोपी बेटे को लोगों ने जमकर कूटा