जैसलमेर के लाठी में युवक ने दी जान, मानसिक रूप से था परेशान
24 वर्षीय युवक ने घर में खुदकुशी कर ली. सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खोलने पर चला घटना का पता.

Published : October 18, 2025 at 6:10 PM IST
जैसलमेर: जिले के लाठी क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक ने घर में खुदकुशी कर ली. वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था. घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
लाठी पुलिस थाना प्रभारी किशनसिंह भाटी ने बताया कि लाठी गांव निवासी मनोज (24) ने शुक्रवार देर रात अपने कमरे में आत्महत्या कर ली. शनिवार सुबह जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों और पड़ोसियों ने गेट तोड़ा. अंदर मनोज का शव मिला. परिजन उसे तुरंत लाठी सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मनोज मजदूरी करता था और अविवाहित था. उसके पिता टैक्सी चलाते हैं. रात में वह अपने कमरे में अकेला ही था.
पढ़ें: जैसलमेर में फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट ने दी जान, नागौर का रहने वाला था...
सूचना मिलते ही थानाप्रभारी किशन सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोकरण अस्पताल की मोर्चरी भेजा, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
तनाव में था: परिजनों ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ समय से मनोज मानसिक रूप से परेशान था. अक्सर तनाव में रहता था. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में मामला मानसिक तनाव से जुड़ा माना जा रहा है.

