जयपुर में पड़ोसन कर रही थी ब्लैकमेल, युवक ने की खुदकुशी
युवक और उसकी पत्नी के बीच अंतिम बार रात को वीडियो कॉल से बात हुई थी. अगले दिन उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला.

Published : August 31, 2026 at 5:46 PM IST
जयपुर: राजस्थान जयपुर में 30 अगस्त को मानसरोवर इलाके में रेलवे ट्रैक के पास शव मिलने के मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है. उसकी पत्नी ने एक महिला पर अवैध संबंध को लेकर ब्लैकमेल करने और रुपए ऐंठने का मामला दर्ज करवाया है.
पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शिप्रा पथ थाने के उप निरीक्षक संदीप ने बताया कि जवाहर नगर निवासी 34 वर्षीय राजेंद्र चौधरी का 30 अगस्त को रेलवे ट्रैक के पास शव मिला था. प्रारंभिक जांच में खुदकुशी करने की बात सामने आई. पुलिस ने शव को जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. एफएसएल टीम की मदद से पुलिस ने सबूत जुटाए.
अवैध संबंध, अश्लील वीडियो और ब्लैकमेल का आरोप: उन्होंने बताया कि मृतक राजेंद्र चौधरी की पत्नी लक्ष्मी चौधरी ने उनके पड़ोस में रहने वाली महिला और उसके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है. उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया, पति राजेंद्र चौधरी सांगानेरी गेट के पास साड़ी की दुकान पर काम करते थे. वह पति, दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती है. जहां पड़ोस में रहने वाली एक महिला से पति के अवैध संबंध थे. महिला ने पति का अश्लील वीडियो बना लिया और ब्लैकमेल कर रही थी. मृतक की पत्नी का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली महिला उसके पति से रुपए और गहने ऐंठ चुकी.
पढ़ें: एक्स गर्लफ्रेंड ने नए दोस्त संग मिलकर रची साजिश, युवक को ब्लैकमेल कर मांगे 30 लाख रुपये
आठ दिन पहले पति-महिला को पकड़ा था: परिवादी लक्ष्मी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसने करीब आठ दिन पहले रात को अपने पति को पड़ोस में रहने वाली महिला के साथ पकड़ा था. इस बात को लेकर पति और पत्नी के बीच झगड़ा भी हुआ. इस बीच पति ने उसे बताया था कि आरोपी महिला ब्लैकमेल कर रुपए और गहने मांग रही है. उसने आरोप लगाया कि 29 अगस्त की शाम को पति घर से आठ लाख रुपए ले जाने की कहकर घर से निकले थे. वह मामला सेटल करने के लिए आठ लाख रुपए और गहने देने की बात कह रहे थे.
शव मिला ट्रैक के पास, स्कूटी मिली पार्किंग में: परिवादी में रिपोर्ट में लिखा, 29 अगस्त को उसके पति रात को घर नहीं पहुंचे. दोनों के बीच करीब साढ़े दस बजे वीडियो कॉल पर बात हुई, तब राजेंद्र काफी परेशान लग रहा था. अगले दिन उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला, जो स्कूटी घर से लेकर निकला था. वह दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी मिली. इस मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी है. महिला की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया है.

