आदित्यपुर में खूनी संघर्ष, दो गुटों के बीच फायरिंग में युवक को लगी गोली, हालत नाजुक
सरायकेला में सोमवार रात आपसी रंजिश में गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

Published : March 3, 2026 at 8:43 AM IST
सरायकेला: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात हुई गोलीबारी से पूरा इलाका थर्रा उठा. सालडीह बस्ती स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के पास वर्चस्व और आपसी रंजिश को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए. विवाद इतना बढ़ा कि एक गुट ने हथियार निकाल लिया और फायरिंग शुरू कर दी. इस हिंसक झड़प में 22 वर्षीय युवक राजवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया है.
निशाने पर कोई, शिकार बना राजवीर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले का मुख्य उद्देश्य आशीष नामक युवक को निशाना बनाना था. प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों की मानें तो आरोपी संजय सरकार के पुत्र शुभम सरकार ने फायरिंग की थी. हमले के दौरान चली गोली लक्ष्य से चूक गई और वहां मौजूद राजवीर सिंह के शरीर में जा लगी. गोली लगते ही राजवीर लहूलुहान होकर गिर गया. जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गया.
TMH में जीवन और मौत के बीच जंग
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल राजवीर को तत्काल जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया गया. अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, राजवीर की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उसके उपचार में जुटी है. हालांकि स्थानीय पुलिस मामले को जांच का विषय बताया है.
पुलिसिया कार्रवाई शुरू
वारदात की खबर मिलते ही आदित्यपुर पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ समीर कुमार सेवैया ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है. पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
ये भी पढ़ें: पलामू में जमीन विवाद में चाचा ने भतीजे को मारी गोली, छानबीन में जुटी पुलिस
संथाल परगना मोटर मजदूर संघ के अध्यक्ष अरुण सिंह को मारी गोली, हालत गंभीर, आसनसोल रेफर

