फतेहपुर में मकान के मलबे में दबकर युवक की मौत, पत्नी व बेटा गंभीर; मिर्जापुर में पानी भरे गड्ढे में मिला बच्चे का शव
थाना प्रभारी ने विनोद सिंह बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है और विधिक कार्रवाई प्रचलित है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 10:54 PM IST
फतेहपुर/मिर्जापुर : जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार की सुबह गाजीपुर थाना क्षेत्र के सुकेती गांव में एक मकान अचानक भरभराकर ढह गया. हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद परिवार मलबे में दब गया. चीख-पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला. हादसे में युवक (40) की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटा (7) गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
परिजन राजकुमार ने बताया कि बुधवार सुबह रोशन का परिवार मकान के अंदर था. इसी दौरान लगातार बारिश के बीच अचानक मकान की दीवारें भरभराकर गिर पड़ीं. पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया और परिवार के सदस्य उसके नीचे दब गए. हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई.
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए. ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे के वक्त परिवार के दो छोटे बच्चे मकान के बाहर खेल रहे थे. इस वजह से दोनों बाल-बाल बच गए. वहीं मलबे में दबे रोशन, उसकी पत्नी वंदना और बेटे नैतिक को बाहर निकालने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई. मलबे में दबे रोशन को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घायल वंदना और नैतिक का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है.
प्रथम दृष्टया लगातार बारिश और जलभराव के कारण मकान की नींव व दीवारें कमजोर होने के बाद हादसा होने की आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गाजीपुर थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है.
मिर्जापुर में पानी भरे गड्ढे में मिला सात साल के बच्चे का शव : जमालपुर थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में बारिश के पानी से भरे गढ्ढे में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई. बुधवार को परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही जमालपुर पुलिस सक्रिय हो गई और मिर्जापुर से ड्रोन कैमरा मंगाकर बालक की तलाश शुरू कर दी. सेमरा गांव के चारों तरफ बरसात का पानी भरा हुआ है. बुधवार शाम घर से कुछ दूरी पर एक खेत से सटे गड्ढे में भरे पानी में शव उतराता मिला. शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया.
परिजनों के मुताबिक, शिवकुमार का बेटा आशीष (7) मंगलवार दोपहर खाना खाने के बाद अचानक घर से लापता हो गया था. परिजनों ने दिनभर गांव व आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला था. थानाध्यक्ष अमित ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें : तेज बारिश में गिरा छत का प्लास्टर, मलबे में दबा परिवार

