छत पर टहलने गया युवक गश खाकर गिरा...मौत, कार्डियक अरेस्ट की आशंका
कोटा के महावीर नगर इलाके में छत पर टहलने पहुंचे युवक की अचानक मौत हो गई. सीसीटीवी फुटेज आया सामने.

Published : January 9, 2026 at 7:25 PM IST
कोटा: शहर के महावीर नगर इलाके में घर की छत पर टहलने पहुंचे युवक की अचानक मौत हो गई. युवक छत पर गिर गया और करीब 15 मिनट वहां पड़ा रहा. युवक के परिजनों और पुलिस ने युवक के कार्डियक अरेस्ट से मौत की आशंका जताई है. घटना गुरुवार शाम की है. इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है.
एएसआई साबिर हुसैन ने बताया कि मृतक हरिओम नगर कच्ची बस्ती निवासी श्याम बिहारी सुमन (37) है. श्याम बिहारी आरसीसी का काम करता था. वह गुरुवार शाम घर आया था. परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. शव मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंपा. जिस तरह का वीडियो सामने आया, उससे वजह कार्डियक अरेस्ट आशंका जताई जा रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही नतीजा साफ होगा.
पढ़ें:डॉक्टर राकेश आत्महत्या प्रकरण, प्राचार्य बोले- उपचार के दौरान 6 बार आया था कार्डियक अरेस्ट
मृतक के दोस्त अनिल यादव ने बताया कि श्याम बिहारी काम से घर लौटा था. उसे कुछ अनयूजुअल लग रहा था. इसी को लेकर अपने भाई के पास ऊपर जा रहा था, हालांकि छत पर जाते ही गश खाकर गिर गया. करीब 15 मिनट वही पड़ा रहा. उसके शरीर में हलचल भी हो रही थी. यह सब कुछ सीसीटीवी में नजर आ रहा है. जब उसके भाई और अन्य परिजनों ने देखा तो उसे तत्काल अस्पताल ले गए. ये लोग सात भाई हैं. श्याम बिहारी सुमन के 3 बेटियां और 5 महीने का बेटा है. परिवार भी गरीब है.
पढ़ें:मॉर्निंग वॉक करते समय सब इंस्पेक्टर की कार्डियक अरेस्ट से मौत, जानें कैसे करें बचाव

