तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आए स्कूटी सवार, युवक की मौके पर ही मौत, युवती की हालत गंभीर
पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है. हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 28, 2026 at 5:22 PM IST
हल्द्वानी: लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बेरी पड़ाव के पास स्कूटी सवार दो लोग तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गए. इस हादसे में एक युवक की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी युवती गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है. घायल युवती को तत्काल एनएचआई की एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया. वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
शनिवार सुबह हुआ हादसा: जानकारी के अनुसार कार्तिक कांडपाल निवासी हिम्मतपुर चोमवाल आज 28 फरवरी शनिवार सुबह घर से निकल कर लालकुआं की ओर जा रहा था. बीच रास्ते में गांव की ही युवती नेहा कांडपाल भी उससे लिफ्ट मांग कर स्कूटी में बैठ गई.
हाईवे पर चढ़ते ही बिगड़ा स्कूटी का बैलेंस: बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों बेरी पड़ाव लक्ष्मी मंदिर के पास कच्ची सड़क से हाईवे पर चढ़े, तभी स्कूटी बेकाबू हो गई और फिसल कर गिर गई. तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई: हादसा इतना भीषण था कि कार्तिक कांडपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
मृतक के घर में मचा कोहराम: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. मौत की खबर के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेते हुए अग्रिम कार्रवाही शुरू कर दी है.
पुलिस का बयान: सीओ अमित कुमार ने बताया कि हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि युवती घायल है, घायल का इलाज चल रहा है. मामले में लालकुआं कोतवाली पुलिस जांच कर रही है.
पढ़ें---

