ETV Bharat / state

कुल्लू में साधु की पिटाई से युवक की मौत! पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पीड़ित का इलाज चल रहा था. इसी बीच 10 जनवरी को एम्स बिलासपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

Sadhu assault case kullu
कुल्लू में साधु की पिटाई से युवक की मौत! (CONCEPT IMAGE)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 10, 2026 at 7:26 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: कुल्लू जिले से हत्या का एक बड़ा मामला सामने आया है. उपमंडल बंजार के सैंज क्षेत्र में एक साधु द्वारा की गई पिटाई के बाद युवक की मौत हो गई है. यह घटना भंडारे के दौरान हुई, जहां मामूली कहासुनी के बाद साधु ने युवक पर हमला कर दिया था. गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए सैंज पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

भंडारे के दौरान हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 जनवरी को सैंज निवासी राजेश शर्मा ने अस्तपाल में पुलिस को अपना बयान दर्ज कराया था. पीड़ित ने बताया था कि सैंज स्थित चेतन गिरी बाबा की कुटिया में आयोजित भंडारे के दौरान हरिद्वार से आए आयुष विशिष्ट गिरी बाबा ने पीछे से उस पर जोरदार हमला किया. हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे चक्कर और उल्टियां शुरू हो गईं.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने पहले मारपीट का मामला दर्ज किया और पीड़ित का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक अस्पताल बंजार में करवाया गया. 5 जनवरी को आई मेडिकल रिपोर्ट में चोटों को गंभीर प्रकृति का बताया गया. इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 117(2) के तहत मामला दर्ज किया.

इलाज के दौरान एम्स बिलासपुर में मौत

पीड़ित का इलाज लगातार चल रहा था. इसी बीच 10 जनवरी को मृतक के बेटे सचिन शर्मा ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पिता की एम्स बिलासपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई है. मौत की पुष्टि होते ही पुलिस ने मामले में तुरंत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत हत्या का मामला जोड़ दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आयुष शर्मा (27 वर्ष), निवासी सैंज को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान वर्तमान में वशिष्ठ गिरी के रूप में हुई है, जो पंच दशनाम भैरव जूना अखाड़ा, मायापुर हरिद्वार से दीक्षा लेकर साधु बना था.

पुलिस कर रही मामले की जांच

एसपी कुल्लू मदनलाल कौशल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह मूल रूप से सैंज का ही रहने वाला है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें: सिरमौर बस हादसे में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, इस वजह से हुआ एक्सीडेंट!