बरेली में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
फतेहगंज थाना क्षेत्र का मामला, बरेली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 30, 2026 at 8:52 AM IST
बरेली: फतेहगंज थाना क्षेत्र में एक युवक का शव गांव के बाहर खेत में मिलने से सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं शव मिलने की सूचना पर एसपी ग्रामीण मुकेश चंद मिश्र सहित तमाम आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे. मृतक की पहचान राजेश प्रजापति पुत्र सुम्मेरी लाल प्रजापति (29) निवासी ठिरिया खेतल के रूप में हुई है.
परिजनों के अनुसार, राजेश प्रजापति ईंट भट्टे पर काम करता था. वह गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे भट्टे से दो लोगों के साथ वापस आया था. इनमें एक युवक राजवीर निवासी उनासी और दूसरा नरेंद्र निवासी ठिरिया खेतल बताया जा रहा है.
शुक्रवार को राजेश का शव उनासी और ठिरिया खेतल गांव के बीच खेत में पड़ा मिला. शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक के सिर के पिछले हिस्से पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है. हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
पुलिस को मृतक की जेब से 25 हजार 760 रुपये भी बरामद हुए हैं. ऐसे में लूटपाट की आशंका फिलहाल कम मानी जा रही है. पुलिस मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों से पूछताछ कर रही है और विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है.
परिजनों के मुताबिक, राजेश अविवाहित था और छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था. उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. गांव में भी घटना को लेकर शोक और दहशत का माहौल है. थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पीएम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: बरेली में किडनैप हुआ मासूम बरामद, बच्चे को बेचने की तैयारी में थे बदमाश, पुलिस एनकाउंटर में 2 को दबोचा

