बच्चा चोर के अफवाह में युवक की पिटाई, बोकारो पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर बचाई जान
बोकारो में एक युवक को बच्चा चोर समझकर बुरी तरह पीटा गया, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचाई.

Published : February 13, 2026 at 1:05 PM IST
बोकारोः चास में बच्चा चोर की अफवाह जान पर भारी पड़ गयी, जहां बच्चा चोरी के शक में एक युवक की बुरी तरह से पिटाई कर दी गई. जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया. यह घटना बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में जोधाडीह मोड़ के पास की है. पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की जान बचाई गई. एक दिन पहले ही पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की थी.
लोग अफवाह के चक्कर में अपने बगल के पड़ोसी को भी नहीं पहचान पा रहे हैं. जिस युवक को बच्चा चोर समझकर बुरी तरह मारा-पीटा गया, वह नीलम नर्सिंग होम के पीछे कॉलोनी में रहता है. पुलिस ने बताया कि युवक का नाम नागेश्वर है. बच्चा चोरी का शोर सुनने के बाद नागेश्वर भी हाथ में डंडा लेकर बच्चा चोर को पकड़ने के लिए बाउंड्री के अंदर घुसा इसी दौरान भीड़ भी वहां पहुंच गई और नागेश्वर को ही बच्चा चोर समझ कर उसकी जमकर पिटाई कर दी. लोग बच्चा चोर के नाम पर युवक को दौड़ाने लगे. पुलिस ने लोगों से अफवाह के पीछे न भागने की अपील करते हुए कहा कि लोग कानून अपने हाथ में नहीं लें, अन्यथा बाद में गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैंः प्रवीण कुमार सिंह, चास डीएसपी.
भीड़ फांसी की मांग करती रही
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उस व्यक्ति को भीड़ से किसी तरह छुड़ाया और फिर अपने साथ थाने लेकर चली गई. मगर भीड़ किसी की बात नहीं सुन रही थी और लगातार बच्चा चोर को कड़ी से कड़ी सजा एवं फांसी की मांग करती रही.
कानून अपने हाथ में न लें- चास डीएसपी
बोकारो में महिला सुरक्षा एवं बच्चा चोरी की घटना को लेकर लोगों के मन में एक प्रकार का भय बैठ गया है, जिसके कारण लोग उग्र हो कर मारपीट की घटना पर उतारू हो जाते हैं. जिस प्रकार से भीड़ क्रूर होकर कानून अपने हाथ में ले रही है ऐसे में किसी बड़ी अनहोनी घटना के होने से इनकार नहीं किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें:
रेस्क्यू किए गए बच्चों को मिलेगी मनोचिकित्सकों की काउंसलिंग, माता-पिता की तलाश तेज
अंश और अंशिका के अपहरणकर्ताओं का बंगाल के बच्चा चोर गिरोह से संपर्क, गिरोह के खिलाफ दबिश तेज
बोकारो में बच्चा चोर गिरोह सक्रिय, पुलिस के लिए चुनौती, अभिभावकों में दहशत

