ETV Bharat / state

मोबाइल पर खूब बातें करते थे दोनों, युवती के एक खौफनाक कदम से युवक हुआ गिरफ्तार

युवती की आत्महत्या मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्ताप किया है. युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

युवती की आत्महत्या मामले में युवक गिरफ्तार
युवती की आत्महत्या मामले में युवक गिरफ्तार (IANS)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 19, 2025 at 1:38 PM IST

|

Updated : December 19, 2025 at 2:15 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: उपमंडल रामपुर बुशहर में एक युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी युवक की पहचान शुभम निवासी रामपुर बुशहर के रूप में हुई है. पुलिस ने ये कार्रवाई युवती की आत्महत्या के बाद परिजनों द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर की है.

जानकारी के अनुसार, बीते दिनों उपमंडल रामपुर क्षेत्र में एक युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई. इसके पश्चात युवती के परिजनों के बयान दर्ज किए गए. परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि युवती का शुभम नामक युवक से लगातार मोबाइल फोन पर संपर्क था और दोनों के बीच बातचीत होती रहती थी. युवक ने युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिससे वह गहरे तनाव में चली गई और आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हुई. परिजनों ने मोबाइल फोन में मौजूद कॉल डिटेल्स और बातचीत से संबंधित जानकारी भी पुलिस को सौंपी.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. प्राथमिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी शुभम को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. डीएसपी रामपुर बुशहर ने बताया कि 'पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है. मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके.'

ये भी पढ़ें: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में दोषी को 20 साल की सजा, पीड़िता को देना होगा एक लाख मुआवजा

Last Updated : December 19, 2025 at 2:15 PM IST