ETV Bharat / state

उत्तराखंड में फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाने का खेल, पुलिस ने किया भंडाफोड़, आरोपी अरेस्ट

उधम सिंह नगर पुलिस ने नकली आधार कार्ड बनाने के खेल का भंडाफोड़ किया. इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को भी अरेस्ट किया.

Etv Bharat
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी. (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 18, 2026 at 4:52 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: उत्तराखंड में नकली आधार कार्ड बनाने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. उधम सिंह नगर पुलिस ने भी ऐसे ही एक मामला का भंडाफोड़ किया है. उधम सिंह नगर पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने ट्रांजिट कैंप थाना इलाके में चल रहे आधार कार्ड सेंटर का पर्दाफाश किया है, जहां पर नकली आधार और पैन कार्ड बनाए जा रहे थे.

उधम सिंह नगर SSP अजय गणपति ने पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि जनसेवा सेंटर की आड़ में गैर-कानूनी तरीके से आधार कार्ड, पैन कार्ड और एजुकेशनल सर्टिफिकेट बनाए जा रहे थे. पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में नकली डॉक्यूमेंट और सामान बरामद किया.

उत्तराखंड में फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाने का खेल (ETV Bharat)

पुलिस के मुताबिक, उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि मछली मार्केट रोड पर मौजूद जनसेवा सेंटर में नकली आधार और पैन कार्ड के साथ-साथ एजुकेशनल सर्टिफिकेट भी बनाए जा रहे हैं. पुलिस ने शुरू में खुद ही मामले की जांच की. सूचना पक्की होने पर उधम सिंह नगर पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स ने जनसेवा सेंटर पर छापा मारा.

रेड के दौरान पता चला कि दुकान पर गैर-कानूनी तरीके से नकली आधार कार्ड, पैन कार्ड और नकली एजुकेशनल सर्टिफिकेट बनाए जा रहे थे. इस मामले में पुलिस ने चेतन कुमार (21) पुत्र राजपाल निवासी पटवाई थान, रामपुर जिला (UP) को गिरफ्तार किया है. चेतन कुमार वर्तमान में ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र उधम सिंह नगर में रहता है.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह PIXELLAB एप्लीकेशन का इस्तेमाल करके कस्टमर्स के फोटो, नाम और पते एडिट करके नकली डॉक्यूमेंट्स बनाता था. इन डॉक्यूमेंट्स का इस्तेमाल सिडकुल एरिया की कंपनियों में नौकरी पाने के लिए किया जाता था.

दुकान और आरोपी के मोबाइल फोन की तलाशी लेने पर बड़ी संख्या में नकली आधार कार्ड, पैन कार्ड और मार्कशीट की डिजिटल कॉपी मिलीं. नकली मार्कशीट कंप्यूटर स्क्रीन पर भी बनाई जा रही थीं. पुलिस ने एक प्रिंटर, मॉनिटर, CPU, कीबोर्ड, माउस, बायोमेट्रिक स्कैनर, 40 नकली आधार कार्ड, 53 नकली पैन कार्ड, नकली मार्कशीट, फोटो कॉपी पेपर और एक मोबाइल फोन बरामद किया.

आरोपी के खिलाफ ट्रांजिट कैंप पुलिस स्टेशन में BNS की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नकली डॉक्यूमेंट्स बनाने या इस्तेमाल करने से बचें और किसी भी संदिग्ध एक्टिविटी की तुरंत पुलिस को रिपोर्ट करें. अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

पढ़ें---