CBSE 10वीं बोर्ड री-एग्जाम: दूसरे की जगह परीक्षा देते युवक और युवती गिरफ्तार, 5 हजार रुपये में हुई थी डील
कुरुक्षेत्र पुलिस ने CBSE 10वीं बोर्ड री-एग्जाम में दूसरे के स्थान पर पेपर देने के मामले में युवक और युवती को गिरफ्तार किया है.

Published : May 17, 2026 at 8:50 AM IST
कुरुक्षेत्र: CBSE 10वीं बोर्ड री-एग्जाम में दूसरे के स्थान पर पेपर देने के मामले में कुरुक्षेत्र पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की टीम ने युवती और युवक को गिरफ्तार किया है. दोनों ही कैथल के रहने वाले हैं.
दूसरे की जगह परीक्षा देते दो गिरफ्तार: जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि "पुलिस को दी शिकायत में नरेंद्र सिंह ने बताया कि वो लेक्चरार हैं. दिनांक 15 मई 26 को वो गुरुकुल में दसवीं के सीबीएसई के बोर्ड परीक्षा में बतौर सुपरिटेंडेंट तैनात थे. उसके साथ ड्यूटी पर तैनात टीचर ने बताया कि एक लड़की के कद काठी से लगता नहीं कि वो दसवीं की छात्रा है. जिसपर उन्होंने जांच की, तो पता चला कि आरोपी युवती दूसरी लड़की के स्थान पर परीक्षा देने आई है. जिसकी सूचना पुलिस को दी गई. जिसकी शिकायत पर पुलिस चौकी थर्ड गेट में मामला दर्ज किया."
5 हजार रुपये में हुई थी डील: पुलिस चौकी थर्ड गेट प्रभारी सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया उनकी टीम ने दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने की आरोपी युवती वासी कैथल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस टीम ने दूसरे से परीक्षा दिलवाने के मुख्य आरोपी विनोद कुमार वासी सीवन जिला कैथल को भी गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया अभी इसमें दूसरा मुख्य आरोपी राहुल नाम का युवक फरार चल रहा है. जिसका नंबर भी बंद आ रहा है. जिसके चलते उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हुई. उसको भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया. 5 हजार रुपये में ये डील हुई थी.

