घर वालों को मंजूर नहीं था रिश्ता, प्रेमी युगल ने दे दी जान, पुलिस जांच में जुटी
गुमला के कामडारा में एक प्रेमी युगल ने आत्महत्या कर ली. पुलिस दोनों के शवों को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है.

Published : February 23, 2026 at 5:32 PM IST
गुमला: जिले के कामडारा थाना क्षेत्र के सुरुहू गांव पंचायत के आकारा गबरी टोली में सोमवार को पुलिस ने प्रेमी जोड़े के शव बरामद किए. घटना कामडारा थाना क्षेत्र के सुरुहू गांव पंचायत के आकारा गबरी टोली की है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है.
युवक की पहचान आकारा गबरी टोली के स्वर्गीय बैधनाथ चीक बड़ाइक के बेटे रमेश चीक बड़ाइक (20) और युवती की पहचान पोढ़ोटोली की रहने वाली राजू सिंह की बेटी सोनी कुमारी (16) के रूप में हुई है.
घटना के बारे में कामडारा थाना प्रभारी मुकेश कुमार सुमन ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पहली नजर में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है, जिसके चलते दोनों ने आत्महत्या की. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौके से एक बैग के अलावा पानी की बोतल बरामद हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मृतक रमेश चीक ने आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने अपनी और अपनी गर्लफ्रेंड की आत्महत्या का जिक्र किया था. उसने बताया था कि दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते हैं. लेकिन उनके घरवालों को ये मंजूर नहीं है.
इन्हीं सब वजहों से दोनों ने आत्महत्या करने का फैसला किया है. मामले की जानकारी देते हुए परिजन राजेश चिक बड़ाइक ने बताया कि शनिवार को छात्रा सुबह 8:00 बजे मैट्रिक की परीक्षा का प्रैक्टिकल एग्जाम देने की बात कहकर निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी.

