ETV Bharat / state

देहरादून में मेहंदी समारोह में हादसा, डांस कर रहे युवक की पिस्टल से चली गोली, युवती घायल

जिस युवक की पिस्टल से गोली चली पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है, लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई चल रही है

MEHNDI CEREMONY FIRING
मेहंदी समारोह में युवती को लगी गोली (Concept Image ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 25, 2026 at 11:31 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: विवाह और अन्य समारोहों में प्रतिबंध के बावजूद लोग हथियार लेकर पहुंच रहे हैं. देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत नेहरू ग्राम में सोमवार रात एक लाइसेंसी पिस्टल से हादसा हो गया. नेहरू ग्राम में मेंहदी समारोह के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई. पिस्टल से निकली गोली समारोह में मौजूद एक युवती के पैर के पंजे के अगले हिस्से में जा लगी.

मेहंदी समारोह में पिस्टल से चली गोली: फायरिंग की आवाज और युवती को गोली लगते ही समारोह में हड़कप मच गया. पुलिस को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको हिरासत में लिया गया. साथ ही पुलिस द्वारा पिस्टल को जब्त करते हुए लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है.

लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली: जानकारी के अनुसार गढ़वाली कॉलोनी नेहरू ग्राम निवासी कमल यादव ने मंगलवार को थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई कि सोमवार रात उनके आवास पर मेहंदी का समारोह चल रहा था. इसमें कुछ मेहमानों को बुलाया गया था. इनमें धूलकोट निवासी लक्ष्मण सिंह नेगी भी शामिल था. वह अपनी लाइसेंसी पिस्तौल लेकर मेहंदी समारोह में पहुंचा था.

घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया: कॉकटेल पार्टी में डांस करते समय लक्ष्मण सिंह नेगी की पिस्टल से फायर हो गया. गोली कमल कुमार की साली नीलिमा यादव निवासी नेहरू ग्राम के पैर के अंगूठे के पास जा लगी. इसके बाद परिजन नीलिमा को अस्पताल में ले गए. घटना के बाद पुलिस को सूचना मिलती ही पुलिस मौके पर पहुंची. जांच में पता चला कि जिस युवती की शादी का समारोह था, आरोपी लक्ष्मण सिंह नेगी उसके साथ डीएल रोड स्थित निजी अस्पताल में नौकरी करता है. इसी जान पहचान के कारण वह समारोह में शामिल होने आया था.

नाचते समय दब गया पिस्टल का ट्रिगर: प्रथम दृष्ट्या पुलिस जांच में धोखे से गोली चलने की बात सामने आई है. आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पिस्टल पहले से लोड थी. नाचने के दौरान ही पिस्टल से जाने कैसे फायर हो गया.

थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया है कि-

कमल कुमार यादव की शिकायत के आधार पर आरोपी लक्ष्मण सिंह नेगी के खिलाफ लापरवाही से फायरिंग करने और जान जोखिम में डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस द्वारा मुकदमे के बाद आरोपी की पिस्टल जब्त कर ली गई है. आरोपी को हिरासत में लिया गया है. साथ ही पिस्टल के लाइसेंस के निस्तारीकरण के लिए डीएम को मामले की रिपोर्ट भेजी है.
-गिरीश नेगी, थाना प्रभारी, रायपुर-

ये भी पढ़ें: शख्स को पिता की लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग करना पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार