शादी के 1 महीने पहले उठी युवती की अर्थी, जहरीले सांप के काटने से मौत
रेखा की सगाई हो चुकी थी और एक महीने बाद उसकी शादी थी.

Published : June 2, 2026 at 4:01 PM IST
कोटा : जिले में स्नेक बाइट के चलते एक युवती की मौत का मामला सामने आया है. युवती की 1 महीने बाद शादी थी, लेकिन पूरे परिवार में माहौल गमगीन हो गया है. जब युवती को सांप ने काटा तो परिजन सांप को भी मृत अवस्था में अस्पताल ले आए थे. युवकी का अस्पताल में 3 दिन तक उपचार चला था, लेकिन जान नहीं बच सकी है.
सीमलिया थाने के हेड कांस्टेबल दुर्गा शंकर ने बताया कि कस्बे के नजदीकी एक खेत को लीज पर लेकर के कैथून के श्याम नगर का परिवार तरबूज और खरबूजे की खेती कर रहे थे. यहां पर 30 मई को शाम के समय 27 वर्षीय रेखा को सांप ने काट लिया था. परिजन उसे आनन फानन में नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से कोटा रेफर कर दिया था. कोटा में उपचार के दौरान रेखा ने 1 जून रात को दम तोड़ दिया. उसके शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को पुलिस ने करवाया है और शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है.
पढ़ें. धौलपुर: गेहूं काट रही महिला को सांप ने काटा, परिजन अस्पताल साथ में सांप लेकर पहुंचे
मृतका रेखा के भाई सोनू केवट का कहना है कि पूरा परिवार श्याम नगर से सीमालिया आकर अस्थाई रूप से रह रहा था. उनकी बहन खेत पर ही मौजूद थी, तभी काले रंग के धारी वाले सांप ने काट लिया. चिकित्सकों को सांप के संबंध में जानकारी दे सकें, इसीलिए उस सांप को भी मृत अवस्था में साथ लेकर आ गए थे. रेखा की सगाई कर दी थी और एक महीने बाद उसकी शादी थी.
नगर निगम के स्नेक रेस्क्यूर गोविंद शर्मा का कहना है कि रेखा को कॉमन क्रेट स्नेक ने काटा था. आमतौर पर यह सांप रात को 12 से 4 बजे के बीच में अटैक करता है. रेखा को सांप ने रात के समय ही काट लिया था. हो सकता है कि खेत में पानी भरने और दवा छिड़कने के चलते सांप बाहर निकल गया हो. यह काफी जहरीला सांप होता है और इसके काटने का पता भी नहीं चलता है.

