पशुपालकों की बल्ले-बल्ले: UP में देसी नस्ल की एक गाय खरीदने पर 40 हजार रुपये का अनुदान,दो पर 80 हज़ार, जानें कैसे उठाएं लाभ
मंत्री धर्मपाल सिंह ने 2024-25 के 63 जनपद स्तरीय गोकुल पुरस्कार और 49 नंद बाबा पुरस्कार का वितरण किया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 23, 2026 at 4:46 PM IST
|Updated : February 23, 2026 at 7:37 PM IST
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्म पाल सिंह ने पशुपालकों के लिए सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित गोधन समागम कार्यक्रम में बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में देसी नस्ल की एक गाय खरीदने पर सरकार की तरफ से 40000 और दो गाय खरीदने पर 80000 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी. उन्होंने कहा कि इससे यूपी में दूध का उत्पादन बढ़ेगा और पशुपालक भी आर्थिक रूप से सशक्त हो सकेंगे.
गोधन समागम-2026 में लगभग 1000 किसान और प्रदेश के सभी जनपदों में मुख्य विकास अधिकारी सभागार में वेब कॉस्टिंग के माध्यम से लाखों किसान व आम लोग यूट्यूब के माध्यम से जुड़े. पशुधन दुग्ध विकास एवं राजनैतिक पेंशन मंत्री धर्मपाल सिंह ने नन्द बाबा और गोकुल पुरस्कार विजेताओं के साथ-साथ प्रदेश की उत्कृष्ट निराश्रित गो आश्रय स्थलों व गोशालाओं को भी प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार प्रदान किए.
गाय खरीदने के लिए मिल रही छूट : कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में साल 2004 तक जहां 230 ग्राम प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता थी, अब बढ़कर 450 ग्राम प्रति व्यक्ति दुग्ध उपलब्धता हो गई है. लगातार उत्तर प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ाया जा रहा है. प्रदेश सरकार लगातार पशुपालकों की मदद कर रही है. गाय खरीदने के लिए सरकार उन्हें अलग-अलग योजनाओं में छूट दे रही है.
पहले चारे के लिए 30 रुपये मिलते थे : अब उत्तर प्रदेश में ही देसी नस्ल की गाय खरीदने के लिए 40000 प्रति गाय दो गायों तक के लिए दिया जाएगा, जिससे और भी ज्यादा पशुपालक गाय पालने के लिए आगे आएंगे. उन्होंने कहा कि पहले जहां समाजवादी पार्टी की सरकार में सिर्फ 30 रुपये प्रति गाय चारे के नाम पर मिलते थे, लेकिन अब हमारी सरकार ने 50 रुपये प्रति गाय कर दिया है.
सरकार का फोकस गाय पालन पर : उन्होंने बताया कि अब उत्तर प्रदेश में पशुपालकों के पास चारे की कोई कमी नहीं है. पशुपालक लगातार पशुपालन पर ध्यान दे रहे हैं, जिससे दुग्ध उत्पादन बढ़ रहा है आगे और भी बढ़ोतरी होगी. सरकार का फोकस गाय पालन पर है. मंत्री धर्मपाल सिंह ने 2024- 25 के 63 जनपद स्तरीय गोकुल पुरस्कार और 49 नंद बाबा पुरस्कार का वितरण किया. 51000 से लेकर 200000 रुपये तक का पुरस्कार पशुपालकों को दिया गया. इस मौके पर पशुपालन विभाग का व्हाट्सएप भी शुरू किया गया.
सपा सरकार पर किया तंज : कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला. कहा कि उनके समय कसाई को देखते ही गाय भाग जाती थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में गाय को देखते ही कसाई भाग जाता है. अपर मुख्य सचिव, पशुधन, दुग्ध विकास एवं मत्स्य विभाग मुकेश कुमार मेश्राम ने गोधन समागम-2026 की महत्ता पर चर्चा एवं वर्तमान परिदृष्य में भारतीय स्वदेशी नस्ल के गो पालन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास के सम्बन्ध में प्रस्तुतिकरण दिए.
दुग्ध आयुक्त दुग्धशाला विकास एवं महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. ने बताया कि देश में उत्तर प्रदेश दुग्ध उत्पादन में प्रथम स्थान पर है. आगामी वर्षों में भी अग्रणी राज्य बनाये रखने के लिए प्रदेश सरकार कई महत्वपूर्ण योजनायें संचालित कर रही है. पीसीडीएफ के प्रबन्ध निदेशक वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2024-25 के भारत सरकार की तरफ से प्रकाशित आंकड़े के अनुसार कुल वार्षिक दुग्ध उत्पादन 388 लाख मैट्रिक टन है. ग्राम स्तर पर लगभग 10000 से अधिक प्रारम्भिक दुग्ध सहकारी समिति व 19 दुग्ध संघ कार्यरत हैं.
यह भी पढ़ें : अयोध्या राम मंदिर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्थापित करेंगी श्री राम महायंत्र, यूपी-उत्तराखंड से आएंगे 3000 मेहमान

