झारखंड में सिहरन बरकरार, खूंटी के बाद हजारीबाग का पारा लुढ़का, इन जिलों में शीतलहर की चेतावनी
झारखंड में तापमान में लगातार गिरावट हो रही है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.

Published : January 8, 2026 at 1:12 PM IST
रांची: झारखंड में सर्दी का सितम जारी है. ज्यादातर जिलों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री के नीचे चला गया है. हालांकि अधिकतम पारा में सुधार से दिन के वक्त थोड़ी राहत जरूर मिली है. दिन के वक्त अच्छी धूप निकल रही है. लेकिन शाम ढलते ही बर्फीली हवा ठिठुरन पैदा करने लगती है. शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की गुंजाईश नहीं है. लेकिन शनिवार से न्यूनतम तापमान में थोड़ा सुधार होने से ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है.
इन जिलों के वासी बरतें विशेष सावधानी
मौसम केंद्र ने 9 जनवरी तक छह जिलों के लिए शीतलहर की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें रांची, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिला शामिल है. इन जिलों के निवासियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. घर से बाहर निकलते वक्त ठंड से बचाव के तमाम उपाय करने के सुझाव दिए गये हैं.
हजारीबाग का न्यूनतम पारा 2.9 डिग्री पर पहुंचा
मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक 8 जनवरी को सबसे कम तापमान हजारीबाग में रिकॉर्ड हुआ है. यहां पारा 2.9 डिग्री पर पहुंच गया है. खूंटी में भी ठंड बरकरार है. हालांकि बुधवार को 2.1 डिग्री तापमान की तुलना में गुरुवार को पारा थोड़े सुधार के साथ 3.2 डिग्री पर चला गया है. इसके अलावा डाल्टनगंज में 3.4 डिग्री, लोहरदगा में 3.6 डिग्री, सरायकेला में 5.4 डिग्री, सिमडेगा में 5.5 डिग्री, चाईबासा में 6.4 डिग्री, बोकारो में 6.5 डिग्री, लातेहार में 7.6 डिग्री, रांची में 8.0 डिग्री, कोडरमा में 8.0 डिग्री, पाकुड़ में 8.0 डिग्री, जमशेदपुर में 8.4 डिग्री और देवघर में 9.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है.
अधिकतम तापमान में हुआ है सुधार
मौसम केंद्र के मुताबिक अधिकतम पारा में थोड़ा सुधार है. पिछले 24 घंटे में चाईबासा में 28.8 डिग्री तापमान पहुंच चुका है. इस वजह से दिन वक्त गर्मी महसूस की जा रही है. इसके अलावा जमशेदपुर में 25.4 डिग्री, खूंटी में 25.6 डिग्री, सरायकेला में 25.8 डिग्री और सिमडेगा में 26.3 डिग्री पर पहुंच गया है. हालांकि शेष जिलों में अधिकतम पारा 25 डिग्री के नीचे है. दिन के वक्त सबसे ज्यादा ठंड हजारीबाग, कोडरमा और लातेहार में महसूस की जा रही है. क्योंकि इन जिलों का अधिकतम पारा 20 डिग्री के नीचे चला गया है.
इस बीच डाल्टनगंज और देवघर में सुबह के वक्त घना कोहरा देखने को मिला है. इस वजह से डाल्टनगंज की विजिबिलिटी 300 मीटर जबकि देवघर की 500 मीटर रिकॉर्ड हुई है. मौसम में आ रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए ठंड से बचाव को लेकर सावधानी बरतने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें:
कड़ाके की ठंड से फसल भी हो रहे बर्बाद, किसानों के छूट रहे पसीने
भीषण ठंड के चलते रांची के सभी स्कूलों में पढ़ाई स्थगित, जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश

