सावधान! हिमाचल में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी, इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
हिमाचल के इन जिलों में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी. अगले तीन दिनों तक जमकर बरसेंगे बादल.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 31, 2026 at 7:48 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाला है. पिछले एक सप्ताह से मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ ही कम बारिश हुई थी. मौसम विभाग के अनुसार एक बार फिर से मानसून सक्रिय हो रहा है, इसके चलते प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की संभावना है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई है.
हिमाचल में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज (सोमवार, 31 अगस्त को) हिमाचल प्रदेश के तीन जिलों कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिले में एक-दो जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा चंबा, बिलासपुर, ऊना और हमीरपुर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, शिमला शहर और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश के साथ एक दो दौर तेज और हल्की गरज के साथ बिजली कड़कने की संभावना है. प्रदेश के शेष जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ भूस्खलन , फ्लैश फ्लड और जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है.

3 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज (सोमवार, 31 अगस्त को) प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, 1 से 3 सितंबर तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. 3 सितंबर तक किन्नौर और लाहौल स्पीति जिले में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान कम ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों परआंधी-तूफान/बिजली कड़कने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

कालका शिमला ट्रैक पर ट्रेनें कैंसिल
हिमाचल के सोलन जिले में रेलवे ट्रैक के एक हिस्से पर जमी मिट्टी बह जाने के बाद विश्व धरोहर शिमला-कालका नैरो गेज रेलवे लाइन पर 10 ट्रेनें कैंसिल कर दी गईं हैं. लगातार हो रही बारिश के कारण कोटी और गुम्मन स्टेशनों के बीच ट्रैक का एक हिस्सा धंस गया. ट्रैक ठीक होने के बाद ही ट्रेनें फिर से बहाल की जाएंगी. रेलवे द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, कोटी और गुम्मन के बीच ब्रिज नंबर 57 के पास ट्रैक के आसपास से मिट्टी बह गई है.

हिमाचल में मानसून का कहर!
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, 30 जून को मानसून सीजन शुरू होने के बाद से प्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 104 लोगों की मौत हो चुकी है. मानसून सीजन में प्रदेश को अब तक 1,184 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. मूसलाधार बारिश और उससे जुड़ी घटनाओं के कारण रविवार शाम तक प्रदेश में 64 सड़कें बंद हैं. मंडी में सबसे ज़्यादा 24 सड़कें बंद हैं. इसके अलावा कुल्लू जिले में 16, कांगड़ा और सिरमौर में सात-सात, ऊना जिले में चार, शिमला जिले में तीन, सोलन जिले में दो और लाहौल और स्पीति जिले में एक सड़क बंद हैं,

कहां कितनी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 30 अगस्त के बीच प्रदेश में 205.5 MM बारिश हुई uw, जबकि सामान्य बारिश 251.7 MM होती है, जो 18 फीसदी कम है. सिरमौर के धौलाकुआं में सबसे अधिक 71.5 MM बारिश हुई है. इसके बाद नाहन में 36.8 MM, शिमला और घाघस में 30-30 MM, पालमपुर में 23.8 MM, मुरारी देवी में 22 MM, काहू में 11.6 MM और पंडोह में 10 MM बारिश दर्ज की गई है.
भारी बारिश से बढ़ सकती है परेशानी
- भारी बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बागवानी और खेती को आंशिक नुकसान की संभावना है.
- भारी बारिश की वजह से प्रदेश के निचले क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या हो सकती है.
- फिसलन भरी सड़कों और कम विजिबिलिटी के कारण गाड़ियां फिसलने की संभावना है.
- भारी से बहुत भारी बारिश के कारण सड़क मार्ग बाधित होने से विभिन्न क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम होने की संभावना.
- भारी बारिश की वजह से जरूरी सेवाएं और रोजाना के बाहरी काम कुछ समय के लिए प्रभावित होने की संभवना है.
प्रशासन की अपील
- लैंडस्लाइड, फ्लैश फ्लड और जमीन धंसने वाले संभावित क्षेत्रों से दूर रहें.
- भारी बारिश के दौरान वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का पालन करें.
- बरसात के मौसम में संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचें.
- नदी-नाले उफान पर होने के चलते पानी वाली जगहों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें.
- प्रदेश सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन अवश्य करें.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में 650 डॉक्टरों की भर्ती करेगी सरकार, ₹500 करोड़ से मेडिकल कॉलेजों की मशीनरी होगी अत्याधुनिक

