ETV Bharat / state

सफलता से भरा रहा गिरिडीह पुलिस के लिए वर्ष 2025, 1025 अभियुक्त गए जेल, नक्सलियों को भी तगड़ी चोट

साल 2025 गिरिडीह पुलिस के लिए सफलता से भरा रहा. इस साल पुलिस ने 1025 अभियुक्तों को जेल भेजा.

Giridih police in 2025
एसपी डॉ. बिमल कुमार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : December 31, 2025 at 7:27 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गिरिडीह: वर्ष 2025 गिरिडीह पुलिस के लिए सफलता से भरा वर्ष रहा. इस साल कई घटनाएं हुईं, लेकिन उनका निष्पादन भी प्रभावी ढंग से किया गया और ज्यादातर मामलों में अपराधियों को जेल भेजा गया. पुलिस कप्तान डॉ. बिमल कुमार की अगुवाई में इस साल पुलिस ने 1025 अभियुक्तों को जेल भेजा. इनमें 841 अभियुक्त विभिन्न कांडों में तो 188 वारंट में गिरफ्तार किए गए. वहीं लगभग 6 हजार वारंट और कुर्की का निष्पादन भी गिरिडीह पुलिस ने किया.

अपराधियों पर लगातार कार्रवाई, कई बड़े कांडों का उद्भेदन

जिले में अपराध हुआ तो उसका निष्पादन भी त्वरित किया गया. धनवार में हुई डकैती में 9 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी गिरफ्तारी जमशेदपुर से हुई. फरवरी 2025 में जमुआ से मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया. 27 फरवरी को चोरी की 15 बाइक बरामद की गईं और चोर को भी जेल भेजा गया. मानव तस्करी में शामिल चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया. मई माह में कोड़ा गैंग के दो अपराधियों को पकड़ा गया. गांडेय में हुई डकैती कांड में 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. जुलाई में निमियाघाट पुलिस ने चोरी की 16 बाइक बरामद कीं. अगस्त में डकैती की योजना बनाते 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया. नकली नोट के साथ दो लोगों को पकड़ा गया. मंत्री सुदीव्य और इरफान को धमकी देने वाले युवक को भी गिरफ्तार किया गया. साइबर अपराध में संलिप्त 54 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि इस तरह कई कांडों का उद्भेदन किया गया और लगातार अभियुक्तों को जेल भेजा जाता रहा.

गिरिडीह एसपी का बयान (ETV Bharat)

आर्थिक अपराधियों पर भी कड़ी चोट

बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी ने बताया कि इस वर्ष जिले में 3828 कांड प्रतिवेदित हुए, जबकि 3934 कांडों का निष्पादन किया गया. एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल तीन कांड दर्ज हुए, जिनमें 6 लोगों की गिरफ्तारी हुई. आर्म्स एक्ट के तहत 20 कांड दर्ज किए गए. इनमें 14 देशी कट्टा, दो देशी पिस्टल, एक रेगुलर राइफल और 61 गोलियां बरामद करते हुए 36 लोगों को जेल भेजा गया.

उत्पाद अधिनियम के तहत 24 कांड अंकित हुए, जिनमें 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इस दौरान 4650 लीटर अंग्रेजी शराब, 140 लीटर देसी शराब और 41,850 लीटर स्पिरिट बरामद की गई.

कोयला तस्करी से जुड़े 24 कांड दर्ज किए गए. 622 टन कोयला के साथ 47 वाहनों को जब्त किया गया और 21 लोगों को जेल भेजा गया. बालू तस्करी के लिए 36 प्राथमिकी दर्ज हुईं, 56 वाहन जब्त हुए और 23 लोगों को जेल भेजा गया. अवैध पत्थर खनन के 24 कांड अंकित किए गए, 22 वाहनों को जब्त करते हुए 4 लोगों को जेल भेजा गया. अभ्रक तस्करी के सात कांड दर्ज हुए, चार वाहनों को जब्त करते हुए एक व्यक्ति को जेल भेजा गया.

ये भी पढ़ें:

गिरिडीह में देर रात मुख्यालय से 60 किमी दूर पहुंचे एसपी, अचानक जांचने लगे जेवर दुकानों की सुरक्षा

नए साल के जश्न को लेकर गिरिडीह पुलिस सतर्क, जेल से निकले अपराधियों पर रहेगी खास नजर