इटली में यमुनानगर के युवक गगनप्रीत की मौत, बीमार पिता के इलाज के लिए गया था विदेश, एजेंट की यातना से था परेशान
इटली में यमुनानगर के युवक गगनप्रीत की मौत हो गई. गगनप्रीत ने परिजनों ने एजेंट पर शोषण का आरोप लगाया है.

Published : February 9, 2026 at 3:18 PM IST
यमुनानगर: यमुनानगर जिले के गांव रामखेड़ी से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. साल 2023 में बेहतर भविष्य और पिता के इलाज के लिए इटली भेजे गए युवक गगनप्रीत की 4 फरवरी 2026 को मौत हो गई. यह खबर सुनते ही गांव में मातम पसरा हुआ है. परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है.
बीमारी और आर्थिक तंगी ने किया मजबूर: गगनप्रीत का परिवार वर्षों से आर्थिक परेशानियों और पिता की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था. पिता के इलाज और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए परिवार ने अपनी जमीन और जमा पूंजी बेचकर गगनप्रीत को विदेश भेजा. एजेंट के जरिए लाखों रुपये खर्च कर 8 अप्रैल 2023 को वह इटली रवाना हुआ.
एजेंट करता था शोषण: परिवार का आरोप है कि इटली पहुंचने के बाद एजेंट इंदर सहन ने गगनप्रीत को लगातार प्रताड़ित किया. उसे खेतों में काम करवाया गया, लेकिन उसकी मेहनत का कोई भुगतान नहीं किया गया. गगनप्रीत लगातार मानसिक तनाव और आर्थिक दबाव में रहा, क्योंकि जो भी कमाई होती थी, वह एजेंट अपने पास रख लेता था.
डिप्रेशन में चला गया था गगनप्रीप: परिवार के मुताबिक गगनप्रीत अपने पिता की बीमारी और घर की जिम्मेदारियों के बोझ में मानसिक रूप से टूट गया था. लगातार पैसे न भेज पाने और एजेंट के शोषण के कारण वो डिप्रेशन में चला गया था. 11 अप्रैल 2023 से शुरू हुए काम के दो साल के दौरान गगनप्रीत पूरी तरह अकेला और दबाव में रहा.

बेटे की डेडबॉडी लाने की गुहार: अब परिवार के पास न तो बेटे की डेडबॉडी भारत लाने के लिए पैसे हैं और न ही कोई सहारा. गगनप्रीत की मां और बहन ने कहा, "हमारी बस यही मांग है कि किसी भी तरह उसका शव भारत लाया जाए."
सरकार और प्रशासन से मदद की उम्मीद: पारिवारिक और स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मामले ने विदेश भेजने के नाम पर हो रहे शोषण और फर्जी एजेंटों पर गंभीर सवाल खड़ा किया है. परिवार सरकार और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है, ताकि गगनप्रीत का शव जल्द से जल्द भारत लाया जा सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी में भांजे ने मामा को बुरी तरह पीटकर मार डाला, पुराना विवाद बना वारदात की वजह

