यमुनानगर में रफ्तार का कहर, चार गाड़ियों में मारी टक्कर, सीसीटीवी में कैद वारदात, आरोपों के घेरे में पुलिसकर्मी
यमुनानगर में तेज रफ्तार गाड़ी ने चार वाहनों को एक साथ टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है.

Published : December 27, 2025 at 12:26 PM IST
|Updated : December 27, 2025 at 12:47 PM IST
यमुनानगर: शहर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत शख्स ने तेज रफ्तार गाड़ी दौड़ाते हुए सड़क किनारे खड़ी चार गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी. इस बेकाबू टक्कर में दो एक्टिवा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. गनीमत रही कि हादसे के वक्त दुकानों के बाहर खड़े दुकानदार बाल-बाल बच गए.

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात:इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे अनियंत्रित कार एक के बाद एक वाहनों को रौंदती चली गई. स्थानीय लोगों आरोप है कि वाहन चालक एक पुलिसकर्मी है, जो पूरी तरह नशे में वाहन चला रहा था. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
जानें क्या बोले प्रत्यक्षदर्शी: हादसे को लेकर प्रत्यक्षदर्शी दुकानदार सुधीर ने कहा कि, “हादसे के समय हम दुकान के बाहर खड़े थे. गनीमत रही कि हम बाल-बाल बच गए.अगर थोड़ी देर पहले वाहनों को टक्कर लगी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था." वहीं प्रत्यक्षदर्शी जसपाल ने कहा कि “गाड़ी इतनी तेज थी कि हम सब दहशत में थे. पुलिसकर्मी पूरी तरह नशे में था, उसे वाहन पर कोई कंट्रोल नहीं था. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि कानून का रखवाला ही कानून तोड़ता नजर आए, तो आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?” इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शी अतुल ने कहा कि, “यह मामला गंभीर है. पुलिस विभाग को तुरंत निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए. अगर इसे भी फाइलों में दबा दिया गया, तो जनता की सुरक्षा पर भरोसा कैसे रहेगा?”

पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन:वहीं, इस घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मौके का जायजा लिया. मौके पर वाहन क्षतिग्रस्त मौजूद थे. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम में यूपी की तर्ज पर बुलडोजर एक्शन, नशा तस्करों के अवैध ठिकानों पर चलाया पीला पंजा

