यमुनानगर में 250 साल पुराने राजा जी महल का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिरा, CCTV कैमरे में कैद हादसा
यमुनानगर में 250 साल पुराने राजा जी महल का बड़ा हिस्सा भरभराकर अचानक गिर गया और मलबे में दबने से दंपति घायल हो गए हैं.

Published : August 12, 2026 at 7:36 PM IST
यमुनानगर : हरियाणा के यमुनानगर के बूड़िया क्षेत्र की राजाजी गली में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 250 साल पुराने ऐतिहासिक राजा जी महल का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया. महल की विशाल दीवार गली में गिरने के साथ ही सामने बने मकान पर जा गिरी. हादसे के वक्त मकान में मौजूद केयरटेकर दंपती मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए.
महल की जर्जर दीवार भरभराकर गिरी : हादसा बूड़िया की राजाजी गली में हुआ. अचानक महल की जर्जर दीवार भरभराकर नीचे आ गिरी. दीवार का मलबा सामने बने मकान पर जा गिरा, जिससे वहां मौजूद दंपती इसकी चपेट में आ गए. आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला. इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. दीवार गिरने की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ ही सेकेंड में महल का हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
इमारतों की सुरक्षा पर सवाल : स्थानीय लोगों के मुताबिक राजा जी महल करीब 250 साल पुरानी ऐतिहासिक इमारत है और इसका काफी हिस्सा लंबे समय से जर्जर हालत में था. गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ है. लेकिन इस घटना ने शहर में मौजूद पुरानी और जर्जर ऐतिहासिक इमारतों की सुरक्षा पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि ऐसी पुरानी इमारतों का सर्वे करवाया जाए और जहां खतरा है, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी दिन जर्जर इमारत का हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा ना हो.


हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : गुरुग्राम में स्कूल की दीवार गिरने से यूपी के दो मजदूरों की मौत, बिल्डिंग के रिनोवेशन का चल रहा काम
ये भी पढ़ें : फरीदाबाद में अचानक भरभराकर गिरी दीवार, एक बच्ची की मौत, लापरवाही पर उठे सवाल
ये भी पढ़ें : यमुनानगर में भारी बारिश से 100 फीट लंबी बाउंड्री वॉल गिरी, ग्रीन पार्क के घरों पर मंडराया खतरा, कॉलोनीवासियों में दहशत

