ETV Bharat / state

यमुनानगर में भीषण हादसा: कैल बाईपास पर ट्रक ने एयरफोर्स की गाड़ी को मारी टक्कर, डिवाइडर पार गई कार, 3 अधिकारी घायल

यमुनानगर के कैल बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रक ने एयरफोर्स की गाड़ी को टक्कर मारी. हादसे में तीन अधिकारी घायल हो गए.

Yamunanagar Kail Bypass Accident
यमुनानगर में भीषण हादसा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : September 1, 2026 at 4:24 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

यमुनानगर: यमुनानगर में नेशनल हाईवे पर कैल बाईपास के पास बीती रात एयरफोर्स की गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में एयरफोर्स के तीन अधिकारी घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट डिजायर कार डिवाइडर पार कर हाईवे की दूसरी तरफ जा पहुंची.

चंडीगढ़ से सरसावा जा रहे थे चार लोग: प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो चंडीगढ़ कमांड से एयरफोर्स की स्विफ्ट डिजायर गाड़ी में चार लोग सवार होकर उत्तर प्रदेश के सरसावा एयरफोर्स स्टेशन जा रहे थे. कैल बाईपास के पास हाईवे पर एक वाहन खराब होने के कारण जाम लगा हुआ था. इसी वजह से एयरफोर्स की गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया गया था.

पीछे से आया तेज रफ्तार ट्रक: इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने एयरफोर्स की गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर से कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए हाईवे की दूसरी दिशा में जा पहुंची. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.

कैल बाईपास पर ट्रक ने एयरफोर्स की गाड़ी को मारी टक्कर (ETV Bharat)

राहगीरों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने की मदद: हादसा के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे अधिकारियों को बाहर निकाला. पास के पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने भी राहत कार्य में मदद की. घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया. सूचना मिलने के बाद एयरफोर्स के अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए. मामले में एयरफोर्स गाड़ी के चालक धीरेंद्र ने बताया कि, "हम चंडीगढ़ से सरसावा एयरफोर्स स्टेशन जा रहे थे. कैल बाईपास के पास जाम लगा था, इसलिए गाड़ी साइड में खड़ी थी. तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक आया और हमारी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी."

पुलिस ने शुरू की ट्रक चालक की तलाश: वहीं, मौके पर पहुंचे एसआई परमजोत सिंह ने बताया कि, "हादसे में एयरफोर्स के तीन अधिकारी घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है."

ये भी पढ़ें:चरखी दादरी में बड़ा हादसा: गोगामेड़ी जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटी, मची चीख-पुकार, 36 श्रद्धालु घायल