तांत्रिक सिद्धि के लिए 5 साल के मासूम का मर्डर, यमुनानगर में पति-पत्नी गिरफ्तार, गला दबाकर नाले में फेंकी थी लाश
हरियाणा के यमुनानगर में तांत्रिक सिद्धि के लिए 5 साल के मासूम की बलि देने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है.

Published : January 5, 2026 at 7:22 PM IST
|Updated : January 5, 2026 at 7:56 PM IST
यमुनानगर : हरियाणा के यमुनानगर में तांत्रिक सिद्धि के लिये अपने साथियों के साथ मिलकर पांच साल के मासूम की बलि देने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है. बच्चे को पहले किडनैप किया गया और फिर श्मशान घाट ले जाकर तंत्र मंत्र के बाद उसे मौत की नींद सुला दिया गया. इसके बाद उसकी डेड बॉडी को ठिकाने लगाने के लिए ट्यूबवेल के पास नाले में फेंक दिया गया.
गायब हो गया था प्रिंस : उप पुलिस अधीक्षक, यमुनानगर रजत गुलिया ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 जुलाई 2025 को थाना सदर यमुनानगर के गांव कामी माजरा में रहने वाले रविंद्र के पांच साल का बेटा प्रिंस गायब हो गया था जिसके बाद उसकी गुमशुदगी का केस दर्ज किया गया था. 31 जुलाई 2025 को प्रिंस की डेड बॉडी घर से दो किलोमीटर दूर पांसरा गांव के ट्यूबवेल के पास से मिली. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि गला दबाकर प्रिंस की हत्या की गई थी. तभी से इस हत्याकांड का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की टीम लगी हुई थी.
तांत्रिक सिद्धि के लिए हत्या : डीएसपी रजत गुलिया ने आगे बताया कि प्रभारी अपराध शाखा-1 यमुनानगर, राज कुमार ने हत्याकांड को सुलझाने के लिए पुलिस टीम गठित की थी जिसमें एसआई सतेन्द्र कुमार, एएसआई सुखदेव सिंह समेत 5 पुलिसकर्मी शामिल थे. उन्होंने तफ्तीश करते हुए इस वारदात में शामिल एक तांत्रिक को हमीदा हैड के पास से काबू कर लिया जिसकी पहचान शिव कुमार उर्फ सोनी पुत्र सुरेश कुमार वासी जोगिन्द्र नगर यमुनानगर के रूप में हुई. पूछताछ पर उसने बतलाया कि उसने ये वारदात अपनी पत्नी भारती और दो नाबालिग रिश्तेदारों के साथ मिलकर तांत्रिक सिद्धि के लिए की थी. शिव कुमार उर्फ सोनी की निशानदेही पर आज सुबह इस वारदात में शामिल उसकी पत्नी भारती को भी गिरफ्तार कर लिया गया है और दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. आरोपियों को आज अदालत में पेश करके तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है और आरोपियों से गहनता से पूछताछ करके इस वारदात के हर पहलू की तफ्तीश की जा रही है. साथ ही बाकी के आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में मिली सिर कटी लाश, धड़ के पास खून से लथपथ चाकू और नशे का इंजेक्शन बरामद
ये भी पढ़ें - रोहतक में दिनदहाड़े महिला की हत्या, आरोपी भाई गिरफ्त में, वारदात में एक युवती भी घायल
ये भी पढ़ें - रेवाड़ी में बेटे के सामने पिता का मर्डर, दुकान पर पहुंचे बदमाशों ने सरेआम मार दी गोली

