यमुनानगर डबल फायरिंग कांड का खुलासा: निजी अस्पताल और सिटी मॉल पर गोलियां चलाने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
यमुनानगर में निजी अस्पताल और सिटी मॉल फायरिंग मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Published : February 19, 2026 at 3:21 PM IST
यमुनानगर: यमुनानगर में 8 फरवरी की रात हुई डबल फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने एक निजी अस्पताल और सिटी मॉल यमुनानगर के बाहर गोलियां चलाने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल था, जिसे देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया.
निजी अस्पताल से मॉल तक बरसी गोलियां: पुलिस के अनुसार 8 फरवरी की रात तीन युवक अचानक एक निजी अस्पताल के रिसेप्शन पर पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी. इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, आरोपी वहां से भागकर सिटी मॉल के बाहर पहुंचे और वहां भी कई राउंड गोलियां चलाईं. इस वारदात से शहर में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए.
मुठभेड़ में घायल हुए दो आरोपी: घटना के तुरंत बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया. इस दौरान दो बदमाशों ने भागने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई. जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया. तीसरा आरोपी बाइक पर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बाइक फिसलने से वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे भी मौके पर पकड़ लिया.
निशानदेही कर कबूला जुर्म: गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड के दौरान घटनास्थलों पर लेकर पहुंची. निजी अस्पताल और सिटी मॉल के बाहर आरोपियों ने खुद निशानदेही करते हुए बताया कि किस स्थान पर उन्होंने फायरिंग की थी और कैसे पूरी वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने मौके से साक्ष्य भी जुटाए हैं और पूरे घटनाक्रम को पुनर्निर्मित किया है.
अमीर बनने की चाह ने बनाया अपराधी: पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह उनका पहला आपराधिक मामला था. उन्होंने बताया कि जल्दी अमीर बनने के लालच में आकर उन्होंने हथियार उठाया. आरोपियों ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि गलत संगत और गैंगस्टरों के बहकावे में आकर अपराध की राह न चुनें, क्योंकि इसका अंजाम बेहद खतरनाक होता है.
आज होगी कोर्ट में पेशी: जांच अधिकारी ने बताया कि, "तीनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस मामले की अन्य कड़ियों को भी जोड़ने में जुटी है, ताकि यदि किसी बड़े नेटवर्क का हाथ हो तो उसका भी खुलासा किया जा सके. फिलहाल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है."

