यमुनानगर में हत्या के 3 आरोपी गिरफ्तार, रंजिश में सिक्योरिटी गार्ड का किया था मर्डर
यमुनानगर पुलिस ने हत्या के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, दूसरे मामले में एक चोर आरोपी को भी गिरफ्तार किया है.


Published : December 27, 2025 at 10:22 AM IST
यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में पुलिस टीम ने 3 घंटे में हत्या की गुत्थी को सुलझा दिया और मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा. एएसपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि "25 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव सुडल के पास राक्षी नदी के पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव की शिनाख्त की. शव की पहचान महमूदपुर निवासी अनिल कुमार (42)पुत्र राकेश कुमार के नाम से हुई है".
हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने बताया कि "मृतक के भाई सुनील कुमार की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया गया था. अपराध शाखा-1 और 2 ने महज तीन घंटे के भीतर हत्या के मामले को सुलझा लिया. जांच में सामने आया कि आरोपी रवि इसी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था. अनिल उनकी शिकायत कंपनी में करता था. इसी बात की रंजिश रखते हुए आरोपियों ने योजना बनाई और रवि को अपने दो साथी वंश और सनी के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया. वारदात खेड़ी गांव रांग डॉन सिक्योरिटी गार्ड के कमरे में ही चाकू मारकर की गई. बाइक पर शव ले जाकर पुल से नीचे फेंक दिया. वारदात 23 दिसंबर की है".
आरोपियों को रिमांड पर लेगी पुलिस: पुलिस का कहना है कि "इस वारदात में चार लोग शामिल हैं, जिनमें से तीन घंटे में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा. ताकि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार बाइक अन्य सामान बरामद किए जा सके. टीम में उप निरीक्षक सतीश कुमार, एएसआई योगेश, विकास, अंकित, राजीव, अजय ने कार्रवाई की है".

मंदिर में चोरी का मामला: वहीं, दूसरा मामला रादौर से सामने आया है. जहां पुलिस ने दंडी स्वामी आश्रम पक्का घाट मंदिर में हुई चोरी की वारदात का भी खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में रादौर निवासी अंकुश उर्फ फुल्लू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया. जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है. 20 दिसंबर की सुबह रादौर क्षेत्र स्थित मंदिर में चोरी की घटना सामने आई थी. सूचना मिलते ही रादौर थाना पुलिस ने जांच शुरू की.
आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने बताया कि "मुख्य पुजारी आसाराम ने पुलिस को बताया कि रात को बाथरूम के लिए उठा था. तभी पीछे से किसी ने सिर पर वार कर बेहोश कर दिया. जब होश आया तो हाथ-पैर बंधे हुए थे. दानपात्र से नकदी व मंदिर में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गया. पुलिस ने जांच करते हुए सीसीटीवी खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ पर जिसकी पहचान अंकुश उर्फ फुल्लू पुत्र सोम प्रकाश निवासी रादौर के रूप में हुई है".
ये भी पढ़ें: यमुनानगर में युवती के अपहरण का मामला, लड़की का वीडियो आया सामने, जांच में जुटी पुलिस
ये भी पढ़ें: रेवाड़ी में नर्सिंग कॉलेज की छात्रा के साथ प्रिंसिपल ने की छेड़छाड़, बोली- हाथ पकड़ा, धमकी दी, केस दर्ज

