‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म पर छत्तीसगढ़ में बवाल, यादव समाज ने की सिनेमा पर प्रतिबंध लगाने की मांग
यादव समाज ने कहा कि अगर हमारी भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश हुई तो हम उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन पर होगी.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 26, 2026 at 9:00 AM IST
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: हिंदी फिल्म यादव की जी लव स्टोरी को लेकर विवाद गहराता ही जा रहा है. फिल्म को लेकर यादव समाज की ओर से लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है. ये विरोध प्रदर्शन सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहा. अब छत्तीसगढ़ में भी इस फिल्म को लेकर विरोध किया जा रहा है. बुधवार को एमसीबी में यादव समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर फिल्म पर बैन लगाने की मांग की.
‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म पर छत्तीसगढ़ में बवाल
यादव समाज का एक प्रतिनिधिमंडल अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन लेकर जिला प्रशासन की टीम के पास पहुंचा. यादव समाज ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा, हम चाहते हैं कि यादव समाज की मांगों पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों ध्यान दें. साथ ही यादव समाज की आपत्ति पर फिल्म विकास निगम, नई दिल्ली भी विचार करे. यादव समाज के लोगों ने कहा कि किसी भी कीमत पर हम फिल्म का प्रदर्शन नहीं चाहते हैं. यादव समाज हमेशा से देश के लिए जीता रहा है. जिस तरह से फिल्म में यादव समाज को दिखाने की बात की जा रही है, वो घोर आपत्तिजनक और निंदनीय है.
यादव समाज ने दिया ज्ञापन
ज्ञापन में कहा गया है कि फिल्म निर्माता अंकित भड़ाना और संदीप तोमर द्वारा निर्मित यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है. समाज का आरोप है कि फिल्म में एक यादव युवती और मुस्लिम युवक के बीच काल्पनिक प्रेम प्रसंग को जिस प्रकार दर्शाया गया है, वह समाज की मर्यादा एवं बहन-बेटियों के सम्मान के प्रतिकूल है.
फिल्म के प्रदर्शन पर रोक की मांग
फिल्म के विरोध में बुधवार को सर्व यादव समाज के जिलाध्यक्ष सरजू यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाज के लोग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे. ज्ञापन में कहा गया है कि यदि फिल्म का प्रदर्शन किया गया तो इससे समाज की भावनाएं आहत होंगी और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है. इसलिए फिल्म को सिनेमाघरों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने से पहले ही प्रतिबंधित किया जाए.

यह फिल्म हमारी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक मूल्यों के साथ खिलवाड़ है. शासन-प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर इसके प्रदर्शन पर रोक लगानी चाहिए. समाज की महिला पदाधिकारियों ने भी विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि किसी भी समुदाय की पहचान को इस प्रकार प्रस्तुत करना उचित नहीं है: सरजू यादव, जिलाध्यक्ष, सर्व यादव समाज

हमारी समाज की बेटियों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं है. फिल्म के नाम और कहानी दोनों पर हमें आपत्ति है. सरकार को इसे तुरंत रोकना चाहिए अगर हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो समाज व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा. हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन सम्मान से कोई समझौता नहीं करेंगे: रमेश यादव, सदस्य, यादव समाज

सर्व यादव समाज की चेतावनी
जिला प्रशासन का कहना है, जो भी उचित कार्रवाई होगी वो की जाएगी. यादव समाज ने चेतावनी देते हुए कहा, अगर कोई उचित समाधान नहीं निकलता तो वो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन के ऊपर होगी.
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर अमृतधारा महोत्सव में सियासी घमासान, नेताओं में दिखी नाराजगी
एमसीबी को मिली 127 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
एमसीबी में धान घोटाला ! कठौतिया उपार्जन केंद्र में स्टॉक में भारी कमी, राइस मिल संचालक ने की शिकायत

