सीवरेज लाइन की सफाई कर रहे थे मजदूर, निकले 500–500 के नोट, पुलिस ने बंद करवाया ढक्कन
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार दो लोग सीवरेज में से नोट का एक कट्टा लेकर चले गए.

Published : February 28, 2026 at 4:00 PM IST
बीकानेर: शहर के मुक्ता प्रसाद थाना क्षेत्र की अंत्योदय नगर कॉलोनी में सीवरेज लाइन की सफाई करते वक्त नोट मिलने का मामला सामने आया है. दरअसल राजमार्ग के पास स्थित कालोनी की मुख्य सड़क पर सीवरेज लाइन की सफाई को लेकर मजदूर आए थे. इस दौरान सीवरेज लाइन के ढक्कन को खोलने के बाद अचानक पांच 500 रुपए के नोट बड़ी मात्रा में सामने आए. मौके पर काम कर रहे कर्मचारी नोट देखकर अचरज में पड़ गए और आसपास गुजर रहे लोग वहीं रुक गए. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. सूचना के बाद मुक्ता प्रसाद थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और सीवरेज के खुले ढक्कन को बंद कराया और आला अधिकारियों को सूचना दी.
कौन रख गया, पता नहीं?: उधर मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर रतनाराम ने कहा कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे हैं. 500–500 के नोट मिले हैं, जो सड़क पर भी बिखरे हुए हैं. अब अधिकारियों को सूचना दी है और आगे की जांच करेंगे. अचानक सीवरेज लाइन में नोट मिलने की सूचना के बाद कॉलोनी की लोग भी मौके पर जमा हो गए. प्रत्यक्षदर्शी राजेश ने कहा कि जैसे ही हम लोग वहां पहुंचे दो लोग सीवरेज में से एक नोट का बैग (कट्टा) लेकर चले गए. हालांकि उन्होंने पुलिस को भी सूचना दिए और पुलिस सब पता करवा रही है वहां मौके पर काफी मात्रा में नोट है.
पढ़ें: कार में जलकर खाक हुई नकदी का सच आया सामने, होटल व्यवसाई का था पैसा
कहां से आए नोट?: दरअसल यह नोट कहां से आए और किसके हैं? इसको लेकर अभी तक पुलिस को भी कोई जानकारी नहीं है. अब पुलिस के लिए यह एक बड़ी चुनौती है कि इतनी बड़ी मात्रा में ऐसी जगह पर कौन नोट रखकर चला गया.



