ETV Bharat / state

आयुष्मान IPD टावर: अंदर से आकार ले रही अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं, जनवरी 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य

21 मंजिला नए IPD टावर का काम लगभग 14 मंजिल तक पूरा हो गया है. कई सुविधाओं से लैस होगी ये बिल्डिंग.

SMS अस्पताल में बन रहा नया IPD टावर
SMS अस्पताल में बन रहा नया IPD टावर (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 25, 2026 at 5:52 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल परिसर में बन रहा 1200 बेड का आयुष्मान IPD टावर अब अंदर से भी आकार लेने लगा है. 21 मंजिला इस अत्याधुनिक टावर का इंटीरियर तेजी से तैयार किया जा रहा है और लगभग 14 मंजिल तक का काम पूरा हो चुका है. बाहर से भव्य नजर आने वाला यह टावर अब अंदर से भी आधुनिक अस्पताल सुविधाओं का नया केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है.

सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर दीपक माहेश्वरी का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में सवाई मानसिंह अस्पताल पर मरीजों का भार काफी तेजी से बढ़ा है. पूरे उत्तर भारत से मरीज अपना इलाज करवाने सवाईमान सिंह अस्पताल पहुंचते हैं. माहेश्वरी का कहना है कि नए बन रहे IPD टावर में मरीजों को विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध कराने के लिए 20 अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाए जा रहे हैं. साथ ही 125 कॉटेज वार्ड और करीब 100 रजिस्ट्रेशन सेंटर भी तैयार किए जा रहे हैं, जिससे मरीजों को बेहतर और तेज सेवाएं मिल सकेंगी.

डॉक्टर दीपक माहेश्वरी (ETV Bharat Jaipur)

इसे भी पढ़ें- SMS अस्पताल में बन रहे 24 मंजिला आईपीडी टावर का काम फिर शुरू, इन सुविधाओं से होगा लैस

14वें फ्लोर तक इंटीरियर: डॉक्टर दीपक माहेश्वरी का कहना है कि 21 फ्लोर तक बनने वाले इस टावर में 14 फ्लोर तक का इंटीरियर का काम लगभग पूरा हो गया है. माहेश्वरी का कहना है कि टावर का इंटीरियर आधुनिक डिजाइन, उन्नत चिकित्सा उपकरणों और बेहतर मरीज सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है. मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जनवरी 2027 तक शुरू करने की डेडलाइन तय की है. यह टावर शुरू होने के बाद न केवल जयपुर बल्कि पूरे राजस्थान और आसपास के राज्यों के मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा.

आयुष्मान IPD टावर
नए टावर को जनवरी 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य है (ETV Bharat Jaipur)

नए IPD टावर में होंगी ये सुविधाएं

  • इस टावर में करीब 1600 गाड़ियों की होगी पार्किंग.
  • टावर को एसएमएस की प्रमुख बिल्डिंगों से जोड़ा जाएगा.
  • 112 आईसीयू, 837 जनरल वार्ड और 26 प्री ऑपरेशन थिएटर और 22 पोस्ट ऑपरेशन थिएटर तैयार किए जाएंगे.
  • टावर में स्काईवॉक-वे और नीचे ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा.
  • एक ही फ्लोर पर सभी प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी.
  • हेलीपेड की सुविधा मिलेगी

इसे भी पढ़ें- IPD Tower in SMS: 32 महीने में आईपीडी टावर के निर्माण के साथ होगा मैन पावर रिक्रूट: डॉ सुधीर भंडारी

पहले फेज का काम जल्द पूरा: डॉक्टर दीपक माहेश्वरी का कहना है की टावर के पहले फेज का काम जल्द पूरा हो जाएगा. हांलाकि, कुछ समय पहले फंड को लेकर भी समस्या खड़ी हुई थी और कुछ समय के लिए काम भी रुक गया था, लेकिन अब इसका बजट बढ़ा दिया गया है. कुछ समय पहले चिकित्सा विभाग ने दावा किया था कि इस टावर का पहला फेज अगस्त 2025 तक शुरू कर दिया जाएगा.

SMS अस्पताल में बन रहा नया IPD टावर
टावर के अंदर तेजी से काम पूरा किया जा रहा है. (ETV Bharat Jaipur)