पलामू में तैयार हो रहा है औद्योगिक माहौल, महिलाएं बना रही हैं ब्रांडेड कंपनी का अंडरगारमेंट
पलामू में औद्योगिक माहौल तैयार हो रहा है. अपेरल पार्क में काम कर 60 महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं. नीरज कुमार की रिपोर्ट.

Published : May 21, 2026 at 7:44 PM IST
पलामू: जिले के औद्योगिक विकास को लेकर महिलाओं ने कमान संभाली है. पलामू की महिलाएं एक मल्टीनेशनल कंपनी से जुड़ी हैं और ब्रांडेड अंडरगारमेंट को बना रही हैं. पलामू के चैनपुर में कोयल आजीविका अपेरल पार्क में फिलहाल 60 महिलाएं ब्रांडेड अंडरगारमेंट के उत्पादन से जुड़ी हुई हैं. अगले एक सप्ताह में 60 और महिलाएं उत्पादन से जुड़ जाएंगीं.
अपेरल पार्क का अगले तीन महीने में इस उत्पादन से 300 से 400 महिलाओं को जोड़ने का टारगेट है. यह पहला मौका है, जब सीधे तौर पर पलामू की महिलाएं मल्टीनेशनल कंपनी से जुड़ी हैं. कोयल अपेरल पार्क पलामू के चैनपुर में मौजूद है. झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी कोयल अपेरल पार्क में महिलाओं के औधोगिक विकास की क्षमता को बढ़ा रही है.
2019 में पलामू में बनाया गया था कोयल आजीविका अपेरल पार्क
2019 में पलामू की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और औद्योगिक विकास के लिए कोयल अपेरल पार्क का निर्माण किया गया था. पार्क में आधुनिक सिलाई मशीन लगाई गई थी और महिलाओं को ट्रेनिंग दी गई थी. कोविड-19 काल में अपेरल पार्क लाखों की संख्या में मास्क का निर्माण किया. बाद में यह पार्क हर घर तिरंगा अभियान का हिस्सा बना था.
कोयल अपेरल पार्क से सरकारी स्कूल के बच्चों के लिए यूनिफॉर्म को भी तैयार किया जा रहा. झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी ने एक योजना तैयार कर महिलाओं को औद्योगिक विकास से जोड़ने के लिए एक मल्टीनेशनल कंपनी के साथ एमओयू किया है. पार्क से इन दिनों मल्टीनेशनल कंपनी के ब्रांड का अंडरगारमेंट का उत्पादन हो रहा है.

पलामू की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और औद्योगिक विकास के लिए यह एक नई पहल है. हालांकि पहले से भी उत्पादन हो रहा था. कोविड-19 काल में यह बंद था. एक बार फिर से इसे शुरू किया गया है. वर्तमान में 60 महिलाएं इससे जुड़ी हुई हैं और एक मल्टीनेशनल कंपनी के ब्रांडेड अंडरगारमेंट का निर्माण शुरू हुआ है. इस मॉडल को अन्य प्रखंडों में भी लागू किया जाएगा:- जावेद हुसैन, डीडीसी पलामू
प्रतिदिन ढाई हजार अंडरगारमेंट का हो रहा है उत्पादन
पलामू की महिलाओं में औद्योगिक विकास के लिए अपेरल पार्क की दूसरी यूनिट लगाने की तैयारी की जा रही है. यह यूनिट पुराने यूनिट के बगल में होगी. इसके लिए 300 से 400 महिलाओं की सूची को तैयार किया गया है. जिन्हें पहले चरण में ट्रेनिंग दी जाएगी और बाद में उत्पादन से जोड़ा जाएगा. फिलहाल यूनिट में महिलाओं को वेतन पर रखा गया है.

पार्क के एक कर्मी ने कहा कि छह महीने के लिए ब्रांडेड कंपनी के साथ एमओयू है. बाद में एमओयू को बढ़ाया जाएगा और स्थानीय स्तर पर महिलाएं अपना स्वतंत्र उत्पादन भी शुरू करेंगी. मल्टीनेशनल कंपनी से जुड़ने के बाद महिलाएं बेहद खुश हैं और उनका कहना है कि उनके उत्पादन को सराहा जा रहा है और उनकी आजीविका में बदलाव हो रहा है.
अपेरल पार्क के एसएचजी निकहत परवीन ने कहा कि झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी की स्वयं सहायता समूह से शुरुआत में जुड़ी थी. उन्हें ट्रेनिंग दी गई, अब वह अंडरगारमेंट के उत्पादन से जुड़ी हैं. उन्हें अब अच्छी आमदनी हो रही है, जिससे उन्हें और उनके परिवार को फायदा हो रहा है. वहीं एक वर्कर नैना ने कहा कि आगे और अच्छा होने की उम्मीद है. प्रतिदिन दो से ढाई हजार अंडरगारमेंट का उत्पादन हो रहा है. अच्छी आमदनी भी हो रही है और अच्छा लग रहा है.
ये भी पढ़ें: पलामू की दुकानों में लगेगा अलार्म सिस्टम, आपदा में नजदीकी थाना को मिलेगी तुरंत सूचना
पलामू में 88 लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, पुलिस ने ढूंढ निकाले उनके खोए हुए मोबाइल फोन

