'पुरानी सरकारों में बेटियों के भविष्य का भरोसा नहीं था, आज बदली सोच'
अस्पताल में मना 'कन्या जन्म उत्सव', माहौल बदलने का दावा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 27, 2026 at 2:18 PM IST
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया. इस दौरान गोद भराई, अन्नप्राशन और कन्या जन्म उत्सव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए. अस्पताल में जन्मी बच्चियों का केक काटकर जन्म उत्सव मनाया गया और उन्हें उपहार भी दिए गए. इस मौके पर महिला आयोग अध्यक्ष ने पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय बेटियों की सुरक्षा और भविष्य को लेकर परिवारों में भरोसा नहीं था, जिसके चलते भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियां बढ़ीं.
सोच बदल गई है: राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि आज सरकार की योजनाओं से बेटियों को लेकर लोगों की सोच बदली है और महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं. पिछली सरकारों के दौर में ऐसे कार्यक्रम होना तो दूर, बेटियां खुद सुरक्षित नहीं थीं.

परिवारों में यह भरोसा नहीं था कि बेटी पैदा होने के बाद सुरक्षित रहेगी, पढ़ पाएगी या उसका भविष्य बेहतर होगा. उस दौर में भ्रूण का लिंग परीक्षण कराकर बेटी होने पर गर्भ में ही उसे खत्म कर दिया जाता था.- डॉ. बबीता सिंह चौहान, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग

गैंगरेप पीड़िता को मिलेगा न्याय: इस मौके पर उन्होंने मुजफ्फरनगर गैंगरेप मामले पर कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है, लेकिन जनसुनवाई के माध्यम से इसकी जानकारी लेकर पीड़िता को 1000 प्रतिशत न्याय दिलाने का प्रयास करेंगी.

महिला जिला अस्पताल में हुए आयोजन पर उन्होंने कहा कि, इस तरह के आयोजन महिलाओं और बेटियों के प्रति समाज की सोच बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. गर्भवती महिलाओं की गोद भराई के दौरान उनके चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी यह बताती है कि सरकार की योजनाओं का महिलाओं पर सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में नाबालिग से गैंगरेप के मामले में एक्शन: डॉक्टर का अल्फा क्लीनिक सीज, 4 आरोपी गिरफ्तार

