रुद्रप्रयाग कलेक्ट्रेट क्षेत्र में भी प्यासे लोग, खाली बर्तन लेकर पहुंची महिलाएं, डीएम से लगाई गुहार
रुद्रप्रयाग कलेक्ट्रेट क्षेत्र में पेयजल समस्या, 15 दिन से ठप पेयजल आपूर्ति, एक किमी दूर से पानी ढोने को मजबूर लोग

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 6, 2026 at 10:32 PM IST
रुद्रप्रयाग: जिला मुख्यालय के सबसे नजदीकी क्षेत्र खेड़धार (कलेक्ट्रेट क्षेत्र) में इन दिनों पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका है. बीते करीब 15 दिनों से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. हालात ये हैं कि लोगों को करीब एक किलोमीटर दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है.
खाली बर्तन लेकर महिलाओं ने जताया आक्रोश: इस समस्या को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा को प्रार्थना पत्र सौंपकर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है. इस दौरान खाली बर्तन लेकर महिलाओं ने आक्रोश भी जताया. ग्रामीणों का कहना है कि जब जिला कलेक्ट्रेट, विकास भवन, पुलिस अधीक्षक आवास समेत अन्य सरकारी भवनों का निर्माण हुआ, उस समय स्थानीय लोगों की निजी नाप भूमि और जंगल अधिग्रहित किए गए थे.
उस दौरान प्रशासन की ओर से क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति का आश्वासन दिया गया था, लेकिन सालों बाद भी यह समस्या जस की तस बनी हुई है. खेड़धार क्षेत्र जिला कार्यालय के सबसे नजदीक और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शामिल है, जहां जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी समेत अन्य उच्च अधिकारी और कर्मचारी निवास करते हैं. इसके बावजूद स्थानीय लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा, जबकि सरकारी कार्यालयों और अधिकारियों के आवासों में प्रतिदिन पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है.
ग्रामीणों का आरोप है कि जल संस्थान के अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ. विभाग हर बार पानी की लाइन ठीक होने की बात कहकर आश्वासन देता है, लेकिन आज तक स्थिति में सुधार नहीं हो पाया है. कभी-कभार विभाग की ओर से पानी का टैंकर भेजा जाता है, लेकिन उससे भी लोगों को महज एक-दो बाल्टी पानी ही मिल पाता है, जिससे समस्या बनी हुई है.

एक किमी दूर से पानी लाने को मजबूर लोग: क्षेत्र में 15 दिनों से पेयजल आपूर्ति बंद है. एक किमी दूर से पानी लाने को लोग मजबूर हैं. कई बार शिकायत के बाद भी नहीं व्यवस्था नहीं सुधर रही है. टैंकर से भी लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीणों की पीड़ा है कि 'कलेक्ट्रेट के पास रहने के बावजूद हमें बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है. अधिकारी आवासों में रोज पानी है, लेकिन ग्रामीणों के घरों में नहीं.'
उनका ये भी कहना है कि 'सरकारी भवनों के निर्माण के समय नियमित पानी देने का आश्वासन मिला था, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ.' उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि खेड़धार क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश दिए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके. इस मौके पर संदीप, अंशी देवी, प्रियंका देवी, मोनिका देवी, ममता देवी, कृष्णा देवी, विनीता देवी समेत अन्य महिलाएं मौजूद थीं.
ये भी पढ़ें-

