ETV Bharat / state

घास लेने जंगल गई महिला को बाघ ने बनाया निवाला, दो किलोमीटर दूर मिला शव

बाघ के हमले में महिला की मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है.

FATEHPUR RANGE TIGER TERROR
फतेहपुर रेंज बाघ आतंक (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 25, 2026 at 8:33 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हल्द्वानी: रामनगर वन प्रभाग के फतेहपुर रेंज में जंगल में घास लेने गई महिला पर बाघ ने हमला कर दिया. महिला का शव घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर जंगल में मिला है. महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है.

हल्द्वानी के कटघरिया क्षेत्र स्थित पनियाली जंगल में घास काटने गई एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई. दोपहर बाद भी जब महिला घर नहीं लौटी तो परिजनों ने मामले की सूचना वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ वन विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम ने जंगल में कांबिंग शुरू की. जानकारी के अनुसार कमला फर्त्याल निवासी पनियाली रोज की तरह आज भी सुबह अकेले जंगल में घास लेने गई थी. दोपहर तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की. थक हार पर परिजनों ने मामले की सूचना वन विभाग और मुखानी थाना पुलिस को दी.

सूचना पर पहुंची टीमों ने स्थानीय लोगों के साथ जंगल में महिला की तलाश में कांबिंग की. इस दौरान टीम को कई जगह खून और महिला के कपड़े मिले. लगभग दो किलोमीटर अंदर जंगल में महिला का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ. जिसके बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. इस दौरान ग्रामीण वन विभाग के खिलाफ आक्रोशित भी दिखाई दिए.

गौरतलब है कि इससे पूर्व भी फतेहपुर रेंज के गांधी आश्रम के पास भी जंगल घास लेने गई एक महिला को बाघ ने अपना निवाला बनाया था. जिसके बाद वन विभाग ने बाघ को ट्रैप करने के लिए कैमरे और पिंजरे भी लगाए थे.

फतेहपुर रेंज के रेंजर प्रदीप अंगोला ने बताया महिला का शव घटना स्थल से दो किलोमीटर दूर जंगल से बरामद किया है. प्रथम दृष्टया बाघ के हमले से महिला की मौत होना पाया गया है. मामले की जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि जंगल की ओर न जाए बाघ को ट्रैप करने के लिए कैमरे और पिंजरे लगाए जाएंगे.

पढे़ं- जसपुर में बाघ का आतंक, घर से बाहर ही 15 साल के लड़के का किया शिकार, गांव में दहशत का माहौल

पढे़ं- हल्द्वानी: घास लेने गई महिला को बाघ ने मारा, 3KM दूर मिला शव, दो महिलाओं की बाल-बाल बची जान