ETV Bharat / state

परिवार के साथ गंगा स्नान करने आई महिला हरकी पैड़ी से लापता, पति ने लगाया दो संदिग्धों पर आरोप

हरिद्वार में एक महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद पुलिस पड़ताल में जुट गई है.

Haridwar police action
लापता महिला की तलाश में जुटी हरिद्वार पुलिस (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 30, 2026 at 11:05 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार: गाजियाबाद से परिवार के साथ गंगा स्नान करने हरिद्वार आई एक महिला हरकी पैड़ी क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई. महिला के पति ने दो अज्ञात लोगों पर पत्नी को अपने साथ ले जाने और अपहरण करने का आरोप लगाया है. मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. दो संदिग्ध महिला का हाथ पकड़कर उसे घाट की सीढ़ियों से ले जाते दिखाई दिए हैं. इसके बाद महिला को स्कूटी पर बैठाकर ले जाने की बात सामने आई है.

गाजियाबाद निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वो 27 अगस्त को पत्नी, भाई, भाभी और भतीजे के साथ हरिद्वार गंगा स्नान करने आए थे. सुबह परिवार के सदस्य हरकी पैड़ी क्षेत्र स्थित महिला घाट पर स्नान कर रहे थे. इसी दौरान पत्नी उनसे परिवार से बिछड़ गई. परिवार ने पहले घाट और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी महिला का कोई पता नहीं चल सका.

इसके बाद गाजियाबाद में मौजूद महिला के अन्य परिजनों को भी सूचना दी गई और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. व्यक्ति के अनुसार, कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो उसमें दो अज्ञात व्यक्ति महिला का हाथ पकड़कर महिला घाट की सीढ़ियों से उसे ले जाते दिखाई दिए. आरोप है कि दोनों संदिग्ध को अपने साथ ले गए.

वहीं नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि

पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है. संभावित स्थानों पर भी तलाश की जा रही है, जल्द ही महिला को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.
-कुंदन सिंह राणा,कोतवाली प्रभारी-

इसके बाद महिला को एक स्कूटी पर बीच में बैठाकर वहां से ले जाने की जानकारी भी सामने आई. इसके साथ ही महिला के पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से कमजोर है और उसे सही गलत की पूरी तरह समझ नहीं है. ऐसे में वह किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आसानी से आ सकती है. पति ने आशंका जताई है कि दो अज्ञात लोगों ने उसकी पत्नी को बहला फुसलाकर या फिर जबरन अपने साथ ले जाकर उसका अपहरण किया है. उसे पुलिस से पत्नी के सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है.

पढ़ें-गंगनहर में डूबकर लापता हुआ युवक, एक साल पहले हुई थी शादी