नैनीताल धारी में छाया गुलदार आतंक, 15 दिन में 2 महिलाओं को बनाया निवाला, लोगों में रोष
नैनीताल के भीमताल धारी क्षेत्र में गुलदार ने एक महिला को अपना निवाला बनाया है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 11, 2026 at 2:28 PM IST
नैनीताल: उत्तराखंड में वन्यजीवों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. वहीं नैनीताल के भीमताल धारी क्षेत्र में गुलदार का आतंक छाया हुआ है, यहां 15 दिन के भीतर गुलदार के हमले की तीन घटनाओं घटित हुई हैं. जिसमें से दो महिलाओं को गुलदार ने अपना निवाला बनाया है. घटना के बाद ग्रामीणों में खासा रोष व्याप्त है.
15 दिनों में दूसरी महिला बनी शिकार: नैनीताल के धारी क्षेत्र में गुलदार की दहशत तेजी से बढ़ रही है. आज गुलदार ने स्थानीय महिला गंगा देवी को निवाला बना लिया. परिजनों ने बताया गंगा देवी सुबह जानवरों के लिए घास लेने जंगल की तरफ गई थी इसी दौरान गुलदार ने घात लगाकर हमला कर अपना शिकार बना लिया. स्थानीय महिलाओं द्वारा गंगा पर गुलदार के हमले की जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को दी गई.
जंगल में मिला महिला का शव: इसके बाद स्थानीय लोग गंगा देवी को ढूंढने जंगल की तरफ गए, जहां करीब 2 किलोमीटर की दूरी गंगा देवी का शव मिला. घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. वहीं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है. धारी एसडीएम अंशुल भट्ट ने बताया गुलदार के हमले मे स्थानीय गंगा देवी (30) पत्नी जीवन चंद्र खुटियाखाल गैरखांड की मौत हो गई है.
गुलदार के आतंक से खौफ में ग्रामीण: बताते चलें कि भीमताल का धारी क्षेत्र इन दिनों गुलदार के आतंक से लोग खौफजदा हैं. 15 दिन के भीतर गुलदार ने तीन महिलाओं पर हमला किया है, जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई है. हालांकि इस दौरान वन विभाग की टीम ने पहाड़पानी क्षेत्र से एक गुलदार को रेस्क्यू कर रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भी भेज चुकी है. वहीं अब 15 दिन में तीसरी घटना होने से स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
ग्रामीण ने गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग: गंगा देवी की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. साथ ही स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में जमकर हंगामा किया है. फिलहाल वन विभाग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. स्थानीय लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों को जल्द गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है.
पढ़ें-

