ETV Bharat / state

पति से झगड़े के बाद महिला ने दो बेटियों को कुएं में फेंका, तीन बेटियां होने की वजह से परिवार करता था प्रताड़ित

पलामू के नावाबाजार में एक महिला ने अपनी दो बेटियों को कुएं में फेंक दिया. बच्चियों की मौत हो गई .

woman threw her daughter into well
लोगों की भीड़ (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 9, 2026 at 1:13 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पलामू: जिले के नावाबाजार में एक महिला ने अपनी दो बेटियों को कुएं में फेंक दिया, फिर खुद भी कुएं में छलांग लगा दी. दोनों बेटियों की मौत हो गई. वहीं महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना नावाबाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव की है.

सरिता देवी नाम की एक महिला ने अपने पति से झगड़े के बाद अपनी दो बेटियों को कुएं में फेंक दिया. फिर उसने तीसरी बेटी को भी फेंकने की कोशिश की, लेकिन वह बच्ची भाग निकली. दोनों बेटियों को कुएं में फेंकने के बाद, सरिता देवी खुद भी उसमें कूद गई. इस घटना में दोनों बेटियों की मौत हो गई.

दरअसल, बुधवार रात सरिता देवी और उसके पति छोटेलाल प्रजापति के बीच हुए झगड़ा हो गया था. झगड़े के दौरान किसी बात को लेकर, सरिता देवी ने अपनी सास की गोद में खेल रही एक बेटी को छीन लिया और कुएं में फेंक दिया. इसके बाद उसने दूसरी बेटी को भी कुएं में फेंक दिया. वह तीसरी बेटी को भी कुएं में फेंकने ही वाली थी कि बच्ची भाग निकली. इसके बाद सरिता देवी खुद कुएं में कूद गई. बच्ची और परिजनों के शोर मचाने पर सरिता देवी को कुएं से बाहर निकाला गया. वहीं दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए.

ग्रामीणों के अनुसार, सरिता देवी और छोटेलाल प्रजापति के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था. तीन बेटियां होने के कारण सरिता देवी को ताने मारे जाते थे और प्रताड़ित किया जाता था. नवाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला ने दो बेटियों को कुएं में फेंक दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. मृतकों, प्रिया कुमारी और डॉली कुमारी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.