महिला की संदिग्ध मौत से उठा पर्दा, पीएम रिपोर्ट ने असली कातिल को पहुंचाया सलाखों के पीछे
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर में महिला की संदिग्ध मौत का राज खुल गया है. पीएम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस असली हत्यारे तक पहुंच गई.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 7, 2026 at 6:45 PM IST
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर : खड़गवां थाना क्षेत्र में महिला की मौत का राज खुल गया है. जिस महिला की मौत को आत्मघाती कदम बताया जा रहा था,पीएम रिपोर्ट में वो हत्या निकली. पीएम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने अपनी जांच शुरु की. जांच में आखिरकार पुलिस के हाथ वो हत्यारा लग गया, जिसने हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया है.
किसकी हुई थी मौत ?
थाना प्रभारी खडगवां सुनील तिवारी ने बताया कि 3 जनवरी 2026 को देवनारायण सिंह सुबह पुलिस थाने पहुंचा.उसने बताया कि उसकी नई-नई शादी हुई थी. लेकिन पत्नी ने आपसी विवाद के बाद आत्मघाती कदम उठा लिया है. आवेदक की पत्नी का नाम रवीना सिंह था. पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि रवीना का शव एक कपड़े के सहारे पंखे से लटका है. पुलिस ने मर्ग क्रमांक 03/2026 धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू की. मृतिका रवीना सिंह के नवविवाहिता होने के कारण कार्यपालिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई कराई गई. इसके बाद शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आते ही खुला राज
जब मृतिका रवीना सिंह की पीएम रिपोर्ट आई तो पुलिस हैरान रह गई,क्योंकि पीएम रिपोर्ट में मौत की वजह कुछ और ही थी. पुलिस को अब उस असली कातिल तक पहुंचना था जिसने रवीना की जान ली थी. लिहाजा पुलिस ने हर पहलू की गंभीरता से जांच शुरु की. जांच के दौरान रवीना के पति को मौके पर बुलाया गया और बयान दर्ज हुआ. इसके बाद मृतिका के माता पिता,परिवार के सदस्यों के साथ मोहल्ले में रहने वाले दूसरे लोगों से भी रवीना के संबंध में पूछताछ हुई.
घटनास्थल का परीक्षण करने पर जांच बढ़ी आगे
पुलिस की टीम ने जब सभी लोगों के बयान ले लिए तो घटनास्थल पर पहुंचकर फिर से जांच शुरु की. जब पुलिस ने घटनास्थल की जांच की तो पाया कि उस जगह पर संघर्ष के निशान थे. इसके बाद पुलिस ने रवीना के पति को घटनास्थल पर बुलाकर निशानों के बारे में पूछा.निशानों के बारे में रवीना का पति देवनारायण गोलमोल जवाब देने लगा. घटनास्थल पर परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने देवनारायण को ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की.
पूछताछ में आरोपी हुआ बेनकाब
देवनारायण से पूछताछ करने पर सामने आया कि आरोपी पति ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद उसने अपराध को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के इरादे से उसी कमरे में पड़े गमछे से फंदा बनाकर शव को पंखे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे. पुलिस की बारीकी से की गई जांच ने आरोपी की साजिश को बेनकाब कर दिया.तथ्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
पुलिस की सक्रियता से खुला राज
इस पूरे मामले का खुलासा थाना प्रभारी खडगवां सुनील तिवारी के नेतृत्व में किया गया. विवेचना में उप निरीक्षक विनय तिवारी, उप निरीक्षक रविंद्र कुर्रे, प्रधान आरक्षक रमेश पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मियों का सराहनीय योगदान रहा. इस केस में आरोपी ने हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए परिवारवालों के साथ कहानी रच डाली. लेकिन इस कहानी में कई तरह के रहस्य थे,जिस पर से पुलिस ने जांच के बाद पर्दा उठा दिया.
सड़क निर्माण के नाम पर जंगल में अवैध उत्खनन, वनविभाग ने जब्त की मशीनें और वाहन
खेत से मटर तोड़कर खाने पर नाबालिगों से बेरहमी, बंधक बनाकर की मारपीट, शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार
बेमेतरा के गाड़ाडीह में अमानक धान जब्त, परिवहन में लगाई गई रोक, जिला प्रशासन की कार्रवाई

