बिहार में खेत से मिला महिला का कंकाल, सिर-धड़ से अलग..जानवरों ने भी नोचा, पुलिस का बड़ा खुलासा
रोहतास में एक महिला का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई है. सिर-धड़ से अलग, शव जलाने के सबूत मिले. पढ़ें खबर-

Published : January 5, 2026 at 12:57 PM IST
रोहतास: बिहार के रोहतास में मानव कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया. घटना सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुराईच गांव में जगजीवन कैनाल नहर के उत्तरी छोर पर स्थित एक खेत की है. सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
कंकाल की हालत बताती है भयावह कहानी: पुलिस के अनुसार, कंकाल का सिर और धड़ अलग-अलग पाया गया. कुछ हिस्से जानवरों द्वारा खाए हुए लग रहे हैं. प्रथम दृष्टया यह 25 से 30 वर्षीय महिला का कंकाल प्रतीत हो रहा है. घटनास्थल से बिछिया और कंगन जैसे आभूषण भी बरामद हुए हैं, जो महिला होने की पुष्टि कर रहे हैं.
शव जलाने के मिले सबूत: मौके पर पहुंचे सासाराम एसडीपीओ कुमार वैभव ने बताया कि घटनास्थल के पास शव जलाने के स्पष्ट सबूत मिले हैं. इससे पुलिस को हत्या करके शव को जलाने और ठिकाने लगाने की मजबूत आशंका हो रही है. मुफस्सिल थाना पुलिस ने तुरंत घटनास्थल को सील कर दिया.
फोरेंसिक टीम की जांच शुरू: एफएसएल टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं. कंकाल को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच और डीएनए टेस्ट के लिए भेज दिया गया है. मौत के सटीक कारण और शिनाख्त फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.

पुलिस की तफ्तीश जोरों पर: पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की छानबीन कर रही है. स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है. एसडीपीओ ने कहा कि हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि जल्द से जल्द अपराधियों तक पहुंचा जा सके.
"फिलहाल पुलिस कंकाल की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आसपास के थानों में दर्ज मिसिंग रिपोर्ट को खंगाला जा रहा है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ चल रही है."- कुमार बैभव, एसडीपीओ 2, सासाराम

इलाके में दहशत का माहौल: खेत से महिला कंकाल मिलने की खबर से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई. लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. फिलहाल पुलिस कंकाल की शिनाख्त और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है. फोरेंसिक रिपोर्ट और डीएनए मैचिंग से उम्मीद है कि जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा.
ये भी पढ़ें-
पटना में चर्चित डॉक्टर की पत्नी की मिली लाश, मां बोली- 'अफेयर का विरोध करती थी.. इसलिए'

