दिल्ली के शालीमार बाग में महिला की गोली मारकर हत्या, 3 साल पहले पति का हुआ था मर्डर
शालीमार बाग में महिला की गोली मारकर हत्या. मृतका अपने पति की हत्या के केस की थी मुख्य गवाह,हत्यारों के तलाश में जुटी पुलिस .

Published : January 10, 2026 at 4:39 PM IST
नई दिल्ली: नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के शालीमार बाग में उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. महिला 2023 में पति की हत्या का केस लड़ रही थी और मामले की मुख्य गवाह थी. पुलिस को शक है कि महिला के पति की हत्या के फरार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया.
पुरानी रंजिश में महिला को मारी गोली : मृतका की पहचान रचना यादव के रूप में हुई है. उसके पति की भी कुछ साल पहले बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. अपने पति के केस को मजबूती से लड़ते हुए रचना सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची थी. रचना यादव आज अपने घर से जैसे ही बाहर निकली, चंद कदमों की दूरी पर ही अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी और फिल्मी अंदाज में पिस्तौल लहराते हुए मौके से फरार हो गए. शुरुआती जांच में पूरा मामला पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है. घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले हमलावर और रचना यादव के बीच हाथापाई भी हुई और इसी दौरान हमलावर ने पिस्तौल निकाल कर रचना को गोली मार दी और फरार हो गया.
आरडब्ल्यूए से भी जुड़ी हुई थी मृतका : रचना यादव स्थानीय आरडब्ल्यूए से भी जुड़ी हुई थी. शालीमार बाग ई-ब्लॉक की प्रेसिडेंट रचना यादव ब्लॉक में ही किसी के शोक सभा में जा रही थी, जिस दौरान इस वारदात को अंजाम दिया गया. दरअसल, 2023 में रचना यादव के पति की भलस्वा गांव में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था. मामले में और दो अभी भी फरार चल रहे हैं.
मृतका की बेटी ने कोर्ट से की न्याय की अपील : परिवार का कहना है कि उन दोनों फरार आरोपियों ने पहले भी रचना पर हमला किया था और आज की वारदात को भी उन्हें दोनों आरोपियों ने अंजाम दिया है. मृतक की बेटी का कहना है कि मेरे पापा के हत्या का केस गवाही तक आ गया था और मेरी मम्मी केस की गवाह थी. मेरे पापा के केस में 6 कातिल थे उनमें से एक सरगना भलस्वा का अभी भी गिरफ्तार नहीं हुआ है फरार है. उसने ही मुखबारी करके मेरी मां की हत्या कर दी है. मैं कोर्ट से अपील करती हूं कि मेरे पापा और मम्मी को इंसाफ दिलाया जाए और हत्या में शामिल दोषियों को फांसी की सजा दी जाए.
पुलिस ने किया आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा : घटना की सूचना मिलते ही शालीमार बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर दिया गया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों का सुराग लगाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि हत्या में शामिल इन आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें :

