बिहार में 70 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या, परिवार में तीसरी मर्डर मिस्ट्री
मुजफ्फरपुर में बुजुर्ग महिला की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है. परिवार में पहले भी हुई तीन हत्याएं. पढ़ें खबर-

Published : June 22, 2026 at 10:24 AM IST
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर ओपी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात 70 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया.
बुजुर्ग महिला की हत्या: मामला मीनापुर थाना अंतर्गत पानापुर ओपी क्षेत्र के रमतोहमा गांव का है. मृतका की पहचान बलदेव पंडित की 70 वर्षीय पत्नी मरछिया देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि देर रात अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
हत्या की जांच करने पहुंची पुलिस: घटना की सूचना पर पानापुर ओपी पुलिस के साथ डीएसपी ईस्ट-1 अलय वत्स, वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा तथा ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की. शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है.
परिवार में पहले हुई हत्याएं: जनवरी 2021 में परिवार के सदस्य रामेश्वर पंडित की हत्या, दिसंबर 2023 में मरछिया देवी के पोते की पत्नी सुनीता देवी की हत्या और जून 2026 में मरछिया देवी की गोली मारकर हत्या.
क्या कहती है पुलिस: एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मरछिया देवी की हत्या अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी परिवार में पहले भी दो हत्याएं हो चुकी हैं. इसे देखते हुए पूरे मामले के खुलासे के लिए SIT का गठन किया गया है.
क्या है हत्या की वजह!: पुलिस के अनुसार, फिलहाल किसी स्पष्ट पारिवारिक या जमीन विवाद की बात सामने नहीं आई है. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी साइको अपराधी द्वारा सिलसिलेवार तरीके से घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा हो.
"पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. मौके से पुलिस ने एक खोखा बरामद किया है. SIT टीम अब हत्या के पीछे की वजह और अपराधियों की पहचान में जुट गई है."- कांतेश कुमार मिश्रा, एसएसपी
ये भी पढ़ें-
बिहार में 'लौंडा डांस' करने वाले युवक की हत्या, गलत नीयत का विरोध करने पर पेट में मारी गोली
जमींदार से डायरेक्ट जमीन रजिस्ट्री कराई तो दलालों ने मार डाला, युवक की गोली मारकर हत्या
बिहार में आभूषण कारोबारी की हत्या, बदमाशों ने ताबड़तोड़ दो गोली मारी
बिहार में पेट्रोल मांगने आए बाइक सवार बदमाशों ने बुजुर्ग के सिर में सटाकर मारी गोली

