फरीदाबाद में महिला से चलती कार में रेप मामले में FIR दर्ज, दोनों आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल कार जब्त
Rape in a moving car in Faridabad: फरीदाबाद में महिला से चलती कार में रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. FIR दर्ज.

Published : December 31, 2025 at 10:49 AM IST
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में महिला से चलती कार में रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. 28 साल की शादीशुदा महिला के साथ दो युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया. युवकों ने महिला को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाया और लगभग 3 घंटे तक शहर की सड़कों पर महिला को लेकर घूमते रहे. उसके बाद आरोपी चलती गाड़ी से महिला को फेंक कर फरार हो गए. महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
आरोपियों ने लिफ्ट के बहाने कार में बैठाया: पीड़ित महिला की बहन ने बताया कि "सोमवार की रात 8 बजे के करीब मेरे पास छोटी बहन का फोन आया. उसने बताया कि मां के साथ उसकी कहासुनी हो गई, इसलिए वो अपने दोस्त के घर जा रही है. वो दो नंबर चौक से कल्याणपुरी तक जाने के लिए ऑटो रिक्शा ढूंढ रही थी. तभी उसको सामने से इको वैन आती दिखी. जिसमें दो युवक सवार थे. दोनों ने मेरी बहन को लिफ्ट देने के बहाने अपनी इको वैन गाड़ी में बैठा लिया."
चलती कार में महिला से रेप: पीड़िता की बहन के मुताबिक दोनों युवक पीड़िता को कल्याणपुरी चौक के बजाय गुरुग्राम रोड की तरफ लेकर चले गए और फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर 3 घंटे तक वो दरिंदगी करते रहे. हालांकि महिला ने इसका विरोध भी किया, लेकिन गाड़ी पूरी तरह से बंद थी और सड़क सुनसान. इसलिए महिला की आवाज किसी ने नहीं सुनी. सुबह लगभग 3 बजे करीब दरिंदों ने एसजीएम नगर के राजा चौक पर चलती वैन से उसे फेंक दिया और भाग गए.
महिला की हालत गंभीर: सड़क पर गिरने की वजह से महिला को गंभीर चोट आई हैं. पीड़िता की बहन ने बताया कि "उसने रात करीब 3 बजे मेरे मोबाइल नंबर पर 10 से 12 बार फोन किया, लेकिन मैंने फोन नहीं देखा. बाद में जब मैंने फोन देखा, तब उसे बैक कॉल किया. उसके बाद मुझे पूरी घटना की जानकारी मेरी बहन ने दी. उसके बाद मैं उसे लेने मौके पर पहुंची, तो देखा मेरी बहन खून से लथपथ थी. कपड़े फटे हुए थे और वो बहुत बुरी तरह से रो रही थी."
सदमे में पीड़िता: पीड़िता की बहन के मुताबिक "जिसके बाद हम उसे जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल लेकर गए. जहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया, लेकिन हम उसे एक निजी अस्पताल में लेकर चले आए. जहां पर उसका इलाज चल रहा है. इसके बाद मामले की जानकारी हमने पुलिस को दी पुलिस अस्पताल में पूछताछ करने के लिए आई थी, लेकिन अभी मेरी बहन सदमे में है. इसलिए भी कुछ बोल नहीं पा रही है."
दोनों आरोपी गिरफ्तार: वहीं मामले को लेकर फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि "महिला के साथ रेप मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है. आगामी कार्रवाई जारी है."
"बहुत शर्मनाक" : वहीं इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने पूरे मामले पर बोलते हुए कहा है कि "बहुत शर्मनाक मामला है, अगर ऐसे मामले सामने आ रहे हैं तो सरकार क्या कर रही है, सरकार को इस बारे में सोचना चाहिए."
ये भी पढ़ें- पुलिसकर्मी पति को महिला के साथ देख भड़की पत्नी, बाल खींचते हुए बीच सड़क की पिटाई

